Road Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रॉन्ग साइड दौड़ रही स्लीपर बस पलटी, 40 श्रद्धालु घायल; 6 की हालत गंभीर

Rajasthan Road Accident: 'हम तो बस गोवर्धन जी में भागवत कथा सुनने जा रहे थे, लेकिन...' हादसे का शिकार हुई महिला यात्री ललिता गोयल की जुबानी सुनिए उस खौफनाक मंजर की दास्तां, जब सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में समा गई यात्रियों से भरी स्लीपर गाड़ी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
श्योपुर से गोवर्धन जा रहे श्रद्धालुओं की बस अलवर में दुर्घटनाग्रस्त.
NDTV Reporter

Road Accident in Rajasthan Today: राजस्थान के अलवर जिले में शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा (Delhi Mumbai Expressway Accident) हो गया. रैणी थाना इलाके में सुबह करीब 7 बजे यात्रियों से भरी एक स्लीपर कोच बस रॉन्ग साइड में चलते हुए अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे एक गहरे गड्ढे में जा गिरी. इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. बस में सवार सभी 40 यात्री घायल हो गए.

गोवर्धन जा रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, यह स्लीपर बस मध्य प्रदेश के श्योपुर से उत्तर प्रदेश के गोवर्धन जा रही थी. अधिक मास के चलते ब्रज 84 कोस की परिक्रमा चल रही है, जिसके तहत बस में सवार ज्यादातर लोग गोवर्धन जी में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सुनने और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने जा रहे थे. बस में सवार यात्री अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं.

Advertisement

कैसे हुआ ये सड़क हादसा?

यह हादसा एक्सप्रेस-वे के चैनेज नंबर 139.6 पर हुआ. शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस काफी तेज रफ्तार में थी और अचानक ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई. गलत लाइन में होने और संतुलन खोने के कारण बस सीधे एक्सप्रेस-वे से नीचे गड्ढे में पलट गई. गंगापुर सिटी की रहने वाली यात्री ललिता गोयल ने बताया कि वे सवाई माधोपुर से गोवर्धन जी जाने के लिए इस बस में सवार हुई थीं.

6 यात्रियों की हालत गंभीर, अलवर रेफर

हादसे की खबर मिलते ही रैणी थानाधिकारी बनेसिंह मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम और NHAI की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. राहत और बचाव कार्य शुरू कर एनएचएआई की एम्बुलेंसों की मदद से सभी 40 घायलों को तुरंत पिनान अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, 6 यात्रियों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया है. गंभीर मरीजों की संख्या अभी और बढ़ सकती है.

JCB की मदद से हटाई गई बस

सभी घायल यात्रियों को अस्पताल भेजने के बाद NHAI की टीम ने घटनास्थल पर जेसीबी व क्रेन बुलाई और फिर उनकी मदद से गड्ढे में फंसी बस को सीधा कराकर वहां से हटवाया. पुलिस अब दुर्घटना के सही कारणों की जांच में जुटी है. आपको बता दें कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रफ्तार और लापरवाही के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं. बीते 30 अप्रैल को ही यहां एक सीएनजी कार में आग लगने से 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी.

ये भी पढ़ें:- गोवर्धन महाराज की 84 कोस परिक्रमा मार्ग पर लगी भीषण आग, इलाके की बिजली बंद; मचा हड़कंप

Advertisement