धौलपुर में 21वीं सदी में भी अंधविश्वास लोगों पर किस कदर हावी है, इसका एक अजीबोगरीब मामला जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र में सामने आया है. यहां एक युवती ने अपनी बड़ी बहन को फोन कर मां की हत्या किए जाने की सूचना दे दी. सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पुलिस भी तत्काल हरकत में आ गई। हालांकि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो जिस महिला की हत्या की बात कही गई थी, वह घर में सुरक्षित चारपाई पर बैठी मिली.
यह है पूरा मामला
कंचनपुर थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि गांव पवेसुरा निवासी रजनी चौहान शनिवार सुबह अपनी सास के साथ थाने पहुंची और रोते-बिलखते हुए रिपोर्ट दी.रजनी ने बताया कि उसका मायका गांव अब्दलपुर में है. सुबह करीब 5:30 बजे उसकी छोटी बहन शिवानी का फोन आया था.फोन पर शिवानी ने घबराए हुए अंदाज में कहा कि उनके पिता राजेन्द्र सिंह चौहान ने मां आशा देवी की हत्या कर दी है तथा घर के सभी लोगों को कहीं गायब कर दिया है.
।शिवानी ने यह भी कहा कि वह छिपकर फोन कर रही है और जल्द आने की बात कहकर फोन काट दिया. इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों के मोबाइल भी बंद आने लगे. रजनी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता पूर्व में भी उसकी सौतेली मां की हत्या कर चुके हैं और मां आशा देवी को लंबे समय से जान से मारने की धमकी देते रहे हैं. ऐसे में उसे आशंका थी कि इस बार भी कोई गंभीर घटना हो गई है.
सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए कंचनपुर थाना पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और पुलिस टीम को गांव अब्दलपुर भेजा गया. मौके पर पहुंचे एएसआई सोनवीर सिंह ने जब स्थिति की जांच की तो मामला पूरी तरह अलग निकला.पुलिस ने बताया कि जिस महिला आशा देवी की हत्या की सूचना दी गई थी, वह घर में सुरक्षित मिलीं. पूछताछ में आशा देवी ने बताया कि उनके सिर पर सुबह एक काला कौआ बैठ गया था. परिवार ने इसे अपशकुन और मृत्यु का संकेत मान लिया. अंधविश्वास के चलते कथित 'मौत की खबर' रिश्तेदारों को देकर अनिष्ट टालने की कोशिश की गई थी.
परिजनों में मचा रहा हड़कंप
इस झूठी खबर के कारण रजनी और उसके ससुराल पक्ष में भारी हड़कंप मच गया. रजनी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था. वहीं पुलिस भी हत्या की आशंका को लेकर पूरी गंभीरता से जांच में जुट गई थी.
झूठी सूचना पर हो सकती है कार्रवाई
थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि पुलिस को गुमराह करने और झूठी सूचना देने के मामले में सूचना देने वाली युवती शिवानी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: पत्नी उजागर करने वाली थी काली करतूत, फर्जी ID से पति ने उसी के वायरल किए अश्लील वीडियो