Rajasthan: 'निराशाजनक बजट, राजस्थान का नाम तक नहीं लिया गया' बजट-2026 पर क्या बोले हनुमान बेनीवाल ? 

बेनीवाल ने कहा कि दुर्भाग्य की बात यह है कि राजस्थान का नाम तक इस बजट में नहीं लिया गया, जबकि इसी राजस्थान ने लगातार बड़ी संख्या में सांसद दिए हैं.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल

Hanuman Beniwal On Budget 2026: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) द्वारा रविवार को पेश किए गए बजट 2026-27 (Budget 2026) को राजस्थान के नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल ने निराशजनक बताया है. उन्होंने कहा कि इस बजट को 'विकसित भारत का बजट ' कहा जा रहा है, लेकिन राजस्थान का नाम तक नहीं लिया गया. बेनीवाल ने कहा कि इस बजट ने राजस्थान के युवाओं, किसानों और मध्यम वर्ग की उम्मीदों पर पानी फेर दिया यह बजट मेरे लिए बेहद निराशाजनक रहा है.

देश के नौजवानों और किसानों को इससे बहुत बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन उन्हें पूरी तरह निराश किया गया. दुर्भाग्य की बात यह है कि राजस्थान का नाम तक इस बजट में नहीं लिया गया, जबकि इसी राजस्थान ने लगातार बड़ी संख्या में सांसद दिए हैं. यहां हाई-स्पीड कॉरिडोर और रेलवे से जुड़े कई प्रोजेक्ट चल रहे हैं, इसके बावजूद राज्य की उपेक्षा हुई, जबकि रेल मंत्री और रेल राज्य मंत्री दोनों ही राजस्थान से जुड़े हैं.

पेट्रोल, डीज़ल और गैस की बढ़ती कीमतों पर कोई चर्चा नहीं हुई

बेनीवाल ने आगे कहा, ''पेट्रोल, डीज़ल और गैस की बढ़ती कीमतों पर कोई चर्चा नहीं हुई, न ही सोना-चांदी की आसमान छूती कीमतों पर कोई बात की गई. “विकसित भारत” की बात तो की जा रही है, लेकिन यह कब होगा ? सौ साल बाद या दो सौ साल बाद? इसका कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है.''

किसान कर्ज़ में डूबा हुआ है और MSP पर उसे क्या मिला? 

उन्होंने कहा, ''किसान कर्ज़ में डूबा हुआ है और MSP पर उसे क्या मिला, इस पर भी कोई ठोस घोषणा नहीं हुई. सरकार रोजगार की बात करती है, लेकिन सरकारी पद खाली पड़े हैं और बताए जा रहे साधनों से वास्तविक रोजगार बढ़ता हुआ नहीं दिखता.  मेरी नजर में यह बजट पूरी तरह जीरो है और राजस्थान के लिए तो डबल जीरो, नाम तक नहीं लिया गया.''

Advertisement
Topics mentioned in this article