RPSC का बड़ा एक्शन: परीक्षा में गैरहाजिर रहे तो ब्लॉक हो जाएगा OTR! दोबारा चालू कराने के लिए देने होंगे ₹1500

RPSC OTR Block Warning: सावधान परीक्षार्थियों! RPSC ने OTR को लेकर सख्त चेतावनी जारी की है. अगर आपने 2 बार परीक्षा छोड़ी तो आपका रजिस्ट्रेशन ब्लॉक हो जाएगा. जुर्माने से बचने के लिए जो अभ्यर्थी आवेदन वापस लेना चाहते हैं वो 11 से 17 फरवरी तक ले सकते हैं.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
भर्ती परीक्षा में अनुपस्थित रहने पर लगेगा भारी जुर्माना, जानें आरपीएससी का नया नियम (प्रतीकात्मक तस्वीर)
NDTV Reporter

Ajmer News: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने भर्ती परीक्षाओं के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए एक सख्त चेतावनी जारी की है. अगर आप भी बिना तैयारी के केवल 'ट्रायल' के लिए फॉर्म भर देते हैं और परीक्षा देने नहीं जाते, तो अब यह गलती आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है और आपका वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) ब्लॉक हो सकता है.

दो बार अनुपस्थित रहे तो 'OTR ब्लॉक'

कार्मिक विभाग के नए नियमों के अनुसार, यदि कोई अभ्यर्थी एक वित्तीय वर्ष में आयोजित होने वाली दो परीक्षाओं में अनुपस्थित रहता है, तो उसकी OTR सुविधा तुरंत ब्लॉक कर दी जाएगी. इसे दोबारा शुरू कराने के लिए 750 रुपये का शुल्क देना होगा. यदि उसी वर्ष फिर दो और परीक्षाओं में गैरहाजिर रहे, तो 1500 रुपये जमा कराने के बाद ही सुविधा बहाल होगी.

इन भर्तियों पर लागू है नियम

आयोग ने यह जानकारी पशु चिकित्सा अधिकारी (1100 पद) और सहायक कृषि अभियंता भर्ती-2025 के संदर्भ में जारी की है. इन दोनों भर्तियों की परीक्षा 19 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित है. आयोग का कहना है कि बिना इरादे के आवेदन करना न केवल सिस्टम पर बोझ बढ़ाता है, बल्कि अभ्यर्थियों के लिए भी नुकसानदायक है.

सुधार और आवेदन वापसी का मौका

अगर आपने गलती से आवेदन कर दिया है या आप परीक्षा नहीं देना चाहते, तो आयोग आपको एक मौका दे रहा है. 11 से 17 फरवरी 2026 तक आप नाम, फोटो, पिता का नाम और जेंडर को छोड़कर अन्य जानकारी में सुधार कर सकते हैं. ऐसे में जो अभ्यर्थी पात्र नहीं हैं या परीक्षा नहीं देना चाहते, वे अपना आवेदन वापस ले सकते हैं. ध्यान रहे, गलत सूचना देने या अपात्र होने के बावजूद आवेदन वापस न लेने पर भविष्य की भर्तियों से डिबार (Debar) किया जा सकता है.

Advertisement

ये भी पढ़ें:- CBSE बोर्ड के स्‍टूडेंट्स को परीक्षा की तैयारी में करना होगा बदलाव, नहीं तो कट जाएंगे नंबर

LIVE TV देखें