Dudu Double Murder: पत्नी-बेटी को तलवार से काटकर रात भर लाशों के पास बैठा रहा हत्यारा, सुबह मॉर्निंग वॉक वालों से बोला- 'मैंने दोनों को मार डाला'

पुलिस के लिए सबसे बड़ी पहेली यह है कि रात 12 बजे से सुबह 7 बजे तक आरोपी घर के अंदर क्या कर रहा था? क्या वह सुसाइड की कोशिश कर रहा था या फिर उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं था? पढ़ें सोनू गंगवाल की रिपोर्ट.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
राजस्थान के दूदू में पति ने तलवार से काटकर अपनी पत्नी और 8 साल की मासूम बेटी की हत्या कर दी.
NDTV Reporter

Rajasthan News: जयपुर ग्रामीण के दूदू इलाके से रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है. बिचून गांव में एक शख्स ने बुधवार आधी रात को अपनी पत्नी और 8 साल की मासूम बेटी की तलवार से गला रेतकर हत्या कर दी है. चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी भागा नहीं, बल्कि 7 घंटे तक अपनी पत्नी और बच्चे की लाशों के पास बैठा रहा. सुबह जब गांव वाले मॉर्निंग वॉक पर निकले, तब उसने खुद इस खौफनाक वारदात का खुलासा किया.

घरेलू विवाद बनी हत्या की वजह

वारदात बुधवार रात करीब 12 बजे की है. घरेलू विवाद के बाद हैवान बने पति ने तलवार निकाली और पत्नी व मासूम बेटी को मौत के घाट उतार दिया. पूरी रात घर के अंदर खामोशी और खून पसरा रहा. गुरुवार सुबह करीब 7 बजे जब गांव के कुछ लोग घर के सामने से गुजर रहे थे, तो आरोपी बाहर निकला और ठंडे दिमाग से बोला- 'मैंने अपनी पत्नी और बेटी को मार डाला है.' यह सुनकर ग्रामीणों के पैरों तले जमीन खिसक गई.

Advertisement

10 मिनट में पहुंची पुलिस, FSL टीम बुलाई

ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी. सूचना के महज 10 मिनट के भीतर मौखमपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. जब पुलिस घर के अंदर दाखिल हुई, तो वहां का नजारा देख अधिकारियों की भी दंग रह गए. कमरे में चारों तरफ खून था और मां-बेटी के शव क्षत-विक्षत हालत में पड़े थे. कुछ ही देर में मौजमाबाद एसडीएम बलवीर सिंह, एएसपी शिवलाल बैरवा और डीएसपी दीपक खण्डेलवाल भी भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए जयपुर से FSL टीम को बुलाया गया है. टीम ने कमरे से खून के धब्बे और हत्या में इस्तेमाल हथियार के साक्ष्य जुटाए हैं.

पति-पत्नी में दो महीने से चल रही थी अनबन

ग्रामीणों के अनुसार, पति-पत्नी में 2 महीने से अनबन चल रही थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि इसका अंजाम इतना खौफनाक होगा. पुलिस ने दोनों शवों को दूदू उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. फिलहाल आरोपी पति पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है कि आखिर किस बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि उसने अपना ही घर उजाड़ दिया.

ये भी पढ़ें:- अगले महीने 30000 शादियां, LPG गैस सिलेंडर की कमी के कारण 25000 रुपये तक बढ़ सकता है खर्च