Rajasthan News: डूंगरपुर जिले में पुलिस ने बीमा कंपनी से जुड़ी एक बड़ी ठगी का खुलासा किया है.पुलिस की स्पेशल टीम और कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार कर बीमा पॉलिसियों की रकम हड़पने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है.इस ठगी को अंजाम देने वाले खुद इंश्योरेंस कंपनी के कर्मचारी निकले.पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने देशभर की 18 बीमा पॉलिसियों के जरिए करीब 58 लाख रुपये का गबन किया.फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है.
डूंगरपुर एसपी मनीष कुमार ने बताया कि एडलवाइस निप्पॉन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के फ्रॉड कंट्रोल यूनिट अधिकारी विजय गिरी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया.शिकायत में बताया गया था कि डूंगरपुर और उदयपुर शाखा के कुछ कर्मचारी पुराने पॉलिसी धारकों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर बीमा क्लेम की राशि निकाल रहे हैं.मामला दर्ज होने के बाद पुलिस की स्पेशल टीम और कोतवाली थाना पुलिस ने डूंगरपुर शहर के शास्त्री मार्ग स्थित रिलायंस निप्पोन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (जिसे बाद में इंडसइंड निप्पोन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में समाहित किया गया) के कार्यालय पर छापा मारा.
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दस्तावेज, कंप्यूटर और मोबाइल जब्त किए.जांच के दौरान डूंगरपुर शाखा में कार्यरत कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव सूरज कुमार श्रीवास्तव को डिटेन कर पूछताछ की गई, जिसने उदयपुर शाखा के अपने साथियों मयंक और जगदीश के साथ मिलकर ठगी करना कबूल किया.इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
ऐसे पॉलिसी धारकों को निशाना बनाते थे जिनकी मृत्यु हो चुकी थी
जांच में सामने आया कि आरोपी ऐसे पॉलिसी धारकों को निशाना बनाते थे जिनकी मृत्यु हो चुकी थी, जो गंभीर रूप से बीमार थे या जिनके क्लेम लंबे समय से लंबित थे. आरोपी कंपनी के सिस्टम में लॉगिन कर पॉलिसी धारकों के मोबाइल नंबर, बैंक खाते और केवाईसी विवरण बदल देते थे. इसके बाद असली धारकों से मिलते-जुलते नामों से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक तैयार कर बीमा क्लेम की राशि फर्जी खातों में ट्रांसफर करवा लेते और आपस में बांट लेते थे.
कई राज्यों के लोगों को ठगा
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कंप्यूटर, मोबाइल फोन, प्रिंटर, फर्जी चेकबुक, नकली आधार कार्ड और जाली मोहरें बरामद की हैं.जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह ने राजस्थान सहित उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, पश्चिम बंगाल, असम और बिहार के 18 लोगों को निशाना बनाकर कुल 58 लाख रुपये का गबन किया.पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है.