SI भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा में फेल, रोल नंबर बदल फिजिकल देने पहुंची, पकड़ी गई

परीक्षा में फेल होने के बाद भी वह फ‍िज‍िकल की तैयारी में लगी रही. घर वालों को भी झूठी जानकारी दी थी. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
फाइल फोटो.

जयपुर में SI भर्ती-2025 के फिजिकल एग्जाम के दौरान चित्रकूट थाना पुलिस ने एक महिला अभ्यर्थी को फर्जी एडमिट कार्ड के साथ हिरासत में लिया है. आरोपी महिला लिखित परीक्षा में असफल होने के बावजूद नकली दस्तावेज के जरिए फिजिकल टेस्ट देने पहुंची थी. DCP (वेस्ट) प्रशांत किरण के अनुसार, उत्तर प्रदेश निवासी 27 वर्षीय मोहिता को राउंडअप किया गया है. शुक्रवार सुबह चित्रकूट स्टेडियम में चयनित अभ्यर्थियों का फिजिकल एग्जाम आयोजित किया जा रहा था, जहां दस्तावेज सत्यापन के दौरान यह मामला सामने आया. 

फर्जी एडमिट कार्ड तैयार किया 

जांच के दौरान मोहिता के एडमिट कार्ड के रोल नंबर पर एक पुरुष अभ्यर्थी की जानकारी सामने आई. जब लिखित परीक्षा के रिकॉर्ड खंगाले गए तो पता चला कि संबंधित रोल नंबर वाले अभ्यर्थी का फिजिकल 5 अगस्त को उदयपुर में पहले ही हो चुका है. मोहिता स्वयं लिखित परीक्षा में असफल रही थी. पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मोहिता ने साइबर कैफे से चयनित अभ्यर्थियों की सूची प्राप्त कर एक रोल नंबर लिया और उसमें फेरबदल कर फर्जी एडमिट कार्ड तैयार किया. 

Advertisement

परिवार को फेल होने की नहीं दी जानकारी 

जांच में यह भी सामने आया कि मोहिता जयपुर के चित्रकूट नगर में रहकर SI भर्ती की तैयारी कर रही थी. लिखित परीक्षा में फेल होने के बावजूद उसने अपने परिवार को इसकी जानकारी नहीं दी, और खुद को सफल बताती रही. रिश्तेदारों को शक न हो, इसके लिए वह नियमित रूप से चित्रकूट स्टेडियम में दौड़ लगाने भी जाती थी. 

परिजनों को भ्रमित करने के उद्देश्य से ही वह फर्जी एडमिट कार्ड के जरिए फिजिकल एग्जाम देने पहुंची थी. एग्जाम सेंटर तक उसे उसके चाचा छोड़ने आए थे. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, और फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला दर्ज किया गया है. 

यह भी पढ़ें: राजस्‍थान के मंद‍िरों में चढ़ावे के धन से होता है व‍िकास कार्य, खाटूश्‍याम-सांवलिया सेठ में करोड़ों का चढ़ावा

Topics mentioned in this article