पत्नी की हत्या को हादसा बताकर लिया क्लेम, अब दोनों बेटियों को चंबल नदी में फेंका, पिता ने खुद कबूला गुनाह

धौलपुर के सदर थाना इलाके के फराकपुर गांव में एक पिता ने अपनी दो जुड़वा बेटियों को 11 जून को चंबल नदी में धक्का दे दिया. घटना के कुछ दिन बाद जब दोनों दिखाई नहीं दीं तो ग्रामीणों ने इसकी जांच पड़ताल शुरू कर दी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
धौलपुर में पिता ने जुड़वा बेटियों को चंबल नदीं में फेंका.
NDTV

Rajasthan News: धौलपुर के सदर थाना इलाके के फराकपुर गांव में मानवता को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पिता ने अपनी दो जुड़वा बेटियों को 11 जून को चंबल नदी में धक्का दे दिया. यह मामला तब सामने आया जब 8 दिन तक दोनों लड़किया किसी को दिखाई नहीं दीं तो ग्रामीणों ने इसकी जांच पड़ताल शुरू कर दी. शुक्रवार को गांव में एक पंचायत बुलाई गई. पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता भरत सिंह ने दोनों बेटियों को खुद के द्वारा चंबल नदीं में गिराने की बात कही है. फिलहाल मामले में आगे जांच जारी है.

जानकारी के मुताबिक, भरत सिंह लोधी अपनी जुड़वा बेटी अंजलि और दुर्गेश को गाड़ी में बिठाकर चंबल नदी पर ले गया था, दोनों लड़कियों की उम्र 17 से 18 साल के बीच बताई जा रही है. सदर पुलिस थाने के हवलदार गोपाल सिंह सिकरवार ने बताया घटनास्थल का मौका मुआयना किया जा रहा है. आरोपी ने पूरे घटनाक्रम को स्वीकार कर लिया है. फिलहाल, आरोपी को राउंडअप कर लिया गया है. घटना के हर पहलू पर पुलिस बारीकी से जांच कर रही है.

Advertisement

बेटियों को सुसाइड के लिए उकसा रहा था पिता

मिली जानकारी के मुताबिक, जुड़वा बेटी अंजलि और दुर्गेश को आरोपी पिता भरत सिंह आत्महत्या के लिए उकसा रहा था. इस घटना से पहले भी आरोपी दोनों बेटियों को चंबल नदी पर आत्महत्या करने के लिए ले गया था, लेकिन दोनों बेटियों ने करने से मना कर दिया था. इसके बाद 11 जून को गाड़ी में बिठाकर फिर से चंबल नदी पर लेकर पहुंच था.

इधर आरोपी के चचेरे भाई बदन सिंह ने बताया कि भरत सिंह पहले भी अपनी पहली पत्नी की एक्सीडेंट से हत्या कर चुका है. हत्या को हादसा बताकर आरोपी ने क्लेम भी हासिल कर लिया है.

अफेयर का क्या है मामला?

वहीं दूसरी ओर स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी में दोनों लड़कियों का पड़ोसी गांव के किसी लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा था. एक लड़की पड़ोसी गांव के लड़के से शादी करने का भी दबाव बना रही थी. जबकि भरत सिंह और उसके परिवार को ये रिश्ता मंजूर नहीं था. पिता ने दोनों लड़कियों का रिश्ता दूसरी जगह तय कर दिया था, लेकिन दोनों बेटियां शादी के लिए मना कर रही थीं. इस मामले से खफा होकर भरत सिंह ने 11 जून को दोनों बेटियों को चंबल नदीं में धक्का दे दिया. पुलिस पूछताछ के बाद इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं.

पुलिस अधीक्षक का बयान

मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक विकास सागवान ने बताया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है. पिता भारत सिंह किसी दूसरी जगह बेटियों की शादी करवाना चाह रहा था. लेकिन बेटियां इस रिश्ते को लेकर सहमत नहीं थी. 11 जून को आरोपी पिता दोनों बेटियों को धौलपुर चंबल नदी स्थित सागर पाड़ा पुल के पास ले गया और धक्का दे दिया है. उन्होंने बताया घटना के हर पहलू पर बारीकी से जांच पड़ताल की जा रही है. उन्होंने बताया आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. घटना के हर पहलू पर पूछताछ की जा रही है. शीघ्र खुलासा कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

ये भी पढ़ें-  चंद दिन बाद NEET Re-Exam, पर जान गंवा बैठी राजस्थान की छात्रा; सालों की मेहनत पर फिरा पानी

Topics mentioned in this article