केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में शुक्रवार (13 मार्च) को बांसवाड़ा-डूंगरपुर सांसद राजकुमार रोत के लिए अहम बात कही. उन्होंने कहा, "कल सांसद राजकुमार रोत दुखी मन से कह रहे थे कि मेरे संसदीय क्षेत्र बांसवाड़ा को केंद्र सरकार नजरअंदाज कर रही है." वित्त मंत्री ने कहा कि भारत आदिवासी पार्टी के सांसद की हर बात को गंभीरता से सुना जाएगा और जो काम हैं, वो भी किए जाएंगे.
7 साल में 10 गुना नल कनेक्शन- वित्त मंत्री
वित्त मंत्री ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत जिले में 1.47 लाख ग्रामीण घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाए गए हैं, जो वर्ष 2019 की तुलना में दस गुना अधिक है. इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 2.19 लाख घरों को आवास उपलब्ध कराए जाने और 95.4 प्रतिशत कवरेज होने का भी दावा किया. वित्त मंत्री ने तीन लाख से अधिक घरों में शौचालय बनाने और 847 सैनिटरी कॉम्प्लेक्स का निर्माण की बात कही.
राजकुमार रोत ने उठाया था ये मुद्दा
गौरतलब है कि बांसवाड़ा-डूंगरपुर राजकुमार रोत ने संसद में चर्चा के दौरान क्षेत्र की समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया था. उन्होंने सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को लेकर सवाल खड़े किए हैं.
राजकुमार रोत का कहना है कि कागजी दावों से अलग स्थितियां है. सैकड़ों गांवों में नल कनेक्शन तो लगाए गए हैं, लेकिन आज तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है. कई स्थानों पर पाइपलाइन डालकर छोड़ दी है. स्थिति ये है कि जल जीवन मिशन के नाम पर अधिकारी अवार्ड ले रहे हैं, लेकिन हकीकत में कई जगह ग्रामीणों को अब भी 1 से 2 किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है.
यह भी पढ़ेंः रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल समेत 4 फरार आरोपियों के खिलाफ वारंट, गिरफ्तारी नहीं हुई तो संपत्ति होगी कुर्क!