आजादी के बाद पहली बार भवानी गांव पहुंची रोडवेज बस, बारिश में ही ढोल-बाजों के साथ भव्य स्वागत

राजस्थान के डीडवाना जिले के एक गांव में आज देश के आजाद होने के 78 साल बाद रोडवेज की एक बस सेवा की शुरुआत हुई. यह बस अजमेर से परबतसर, कुचामन होते हुए सीकर तक जाएगी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
अजमेर डिपो की बस के गांव आने पर जश्न मनाया गया
NDTV

डीडवाना जिले के परबतसर क्षेत्र के भवानी गांव में आज ऐसा नजारा देखने को मिला, जब यहां एक रोडवेज बस के स्वागत में गांव के लोग उमड़ पड़े. इस दौरान ग्रामीणों ने उस बस का ढोल के साथ ना केवल स्वागत किया, बल्कि रोडवेज के मुख्य प्रबन्धक (चीफ) रवि शर्मा,रामनिवास तेतरवाल के साथ ही बस के चालक और परिचालक का साफा व माला पहनाकर स्वागत किया. वहीं ग्राम पीह ओर बागोट में भी ग्रामीणों ने बस का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया. यह मौका था भवानी गांव में आजादी के बाद पहली बार रोडवेज बस के पहुंचने का.जैसे ही रोडवेज बस गांव में पहुंची, उसे देखने के लिए ग्रामीणजन उत्सुक हो उठे.इस ऐतिहासिक क्षण का जश्न मनाते हुए भवानी गांव के ग्रामीणों ने ढोल, गाजे-बाजे ओर पुष्प वर्षा कर बस का स्वागत किया.

स्थानीय ग्रामीण राजेंद्र चौधरी ने बताया कि आजादी के बाद पहली बार गाँव में रोडवेज बस चलने से सभी ग्रामीण बेहद उत्सुक और खुश हैं. ग्रामीणों के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि वे लंबे समय से रोडवेज बस संचालन की मांग कर रहे थे, जो मांग आज पूरी हो गई है.

Advertisement

बस के ड्राइवर और कंडक्टर का स्वागत किया गया
Photo Credit: NDTV

अजमेर-सीकर जाने में होगी आसानी

ग्रामीणों ने इस बस सेवा को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए राज्य सरकार एवं रोडवेज प्रशासन का आभार व्यक्त किया. ग्रामीणों ने कहा कि इस बस सेवा के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों, विद्यार्थियों, नौकरी पेशा लोगों और व्यापारियों को राहत मिलेगी. साथ ही उन्हें अजमेर व सीकर आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी.

क्यों नहीं पहुंच पाई थी बस

परबतसर से जोधपुर जाने वाले मार्ग पर भकरी गांव के पास भवानी गांव स्थित है. भकरी से एक अलग ग्रामीण रूट निकलता है जो भवानी गांव तक जाता है. लेकिन यह रूट, ग्रामीण सड़क होने से अब तक रोडवेज बस सेवा से महरूम था.इस रूट के गांवों में कभी भी रोडवेज बस नहीं चल सकी थी. इसके कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ती थी और उन्हें मजबूरन निजी बसों या निजी वाहनों में यात्रा करनी पड़ती थी.

इस समस्या के चलते ग्रामीणों ने बार-बार रोडवेज प्रशासन से भवानी गांव से होते हुए रोडवेज बस चलाने की मांग की.जिस पर राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (अजमेर आगार) द्वारा जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग और यात्री भार को ध्यान में रखते हुए इस नए रूट से बस संचालन प्रारंभ किया गया. यह बस अजमेर से चलकर परबतसर, कुचामन होते हुए सीकर तक जाएगी. रास्ते में यह बस पीह, बागोट, भवानी गांव, टापरवाड़ा, रीड होते हुए गुजरेगी.

ये भी पढ़ें-: सांवलिया सेठ में रिकॉर्ड 38 करोड़ का चढ़ावा, दानपात्र में मिली 20 से अधिक देशों की करेंसी और 103 किलो चांदी

Advertisement
Topics mentioned in this article