Rajasthan: गणेश्वर तीर्थ धाम के गलावे कुंड में फेंके गए सूटकेस में हुआ विस्फोट, गृह राज्य मंत्री बोले- ये कोई आतंकवादी घटना नहीं

Rajasthan News: गुरुवार को सीकर जिले के नीम का थाना स्थित प्रसिद्ध गणेश्वर तीर्थ धाम में धमाके पर गृह राज्य मंत्री नेकहा है कि यह किसी आतंकी या सांप्रदायिक घटना जैसी नहीं जान पड़ती.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
Jawahar Singh Bedham on Galav Kund Blast
ANI

सीकर के प्रसिद्ध गणेश्वर तीर्थ धाम में हुए धमाके को लेकर राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने स्थिति स्पष्ट की है. शुक्रवार को विधानसभा के बाहर मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने इस घटना में किसी भी तरह की आतंकवादी या सांप्रदायिक साजिश की आशंका को सिरे से खारिज कर दिया. मंत्री बेढम ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है. उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच के आधार पर यह किसी आतंकी या सांप्रदायिक घटना जैसी नहीं जान पड़ती. हालांकि, प्रशासन पूरी मुस्तैदी से मामले के हर पहलू की तफ्तीश कर रहा है और विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी.

क्या था मामला

बता दें कि गुरुवार, 12 फरवरी को को सीकर जिले के नीम का थाना स्थित प्रसिद्ध गणेश्वर तीर्थ धाम में कुछ अज्ञात युवक गालव कुंड के पास पहुंचे, और एक सूटकेस पानी में फेंककर फरार हो गए.  घटना के समय कुंड परिसर में जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा था. सूटकेस के पानी के संपर्क में आते ही उसमें तेज धमाका हुआ.

गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि धाम परिसर सहित आसपास के इलाके में दहशत फैल गई. घटना के तुरंत बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई.

Advertisement

सुरक्षा एजेंसियों का कड़ा पहरा

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेंज IG राघवेंद्र सुहास ने बताया कि नीम का थाना से CID टीम और जयपुर से बम डिस्पोजल स्क्वॉड को तुरंत मौके पर बुलाया गया. विशेषज्ञों ने कुंड और आसपास के इलाके की गहन तलाशी ली. बम निरोधक दस्ते को मौके पर कोई पारंपरिक विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला है. शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि धमाका किसी ऐसे केमिकल या वस्तु के कारण हुआ जो पानी के संपर्क में आते ही प्रतिक्रिया  करता है. पुलिस अब सभी तकनीकी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: नीमकाथाना के गणेश्वर तीर्थ धाम में सूटकेस ब्लास्ट से मचा हड़कंप, माके से कुंड की दीवारों में दरारें

Advertisement