जयपुर में भी शुरू होगी सरकारी कैब सर्विस, जानिए कब से मिलेगी 'भारत टैक्सी' की सुविधा

करीब सालभर पहले उदयपुर में ‘टॉपअप राइड’ सेवा शुरू की गई थी. इसके तहत 350 रुपए में पर्यटकों को यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
प्रतीकात्मक तस्वीर

जयपुर में अगले महीने से ‘भारत टैक्सी' सेवा शुरू होगी. सहकारिता मंत्री गौतम दक ने विभाग की अनुदान मांगों पर बहस का जवाब देते हुए घोषणा की. उन्होंने कहा कि मार्च–अप्रैल से राजधानी जयपुर में दिल्ली की तर्ज पर ‘भारत टैक्सी' सेवा की शुरूआत की जाएगी. इस सेवा के माध्यम से ड्राइवरों को पूरा भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा. वहीं, आम नागरिकों को किफायती दरों पर यात्रा की सुविधा मिलेगी. 

उदयपुर में शुरू हुई थी ‘टॉप अप राइड'

मंत्री ने बताया कि करीब सालभर पहले उदयपुर में ‘टॉप अप राइड' सेवा शुरू की गई थी, जिसके तहत 350 रुपए में पर्यटकों को यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. अब इसी मॉडल को आगे बढ़ाते हुए जयपुर में ‘भारत टैक्सी' सेवा शुरू की जाएगी.

सहकारी समिति देगी पेट्रोल पंप-गैस एजेंसी के लाइसेंस     

मंत्री गौतम दक ने कहा, "केंद्र सरकार की नई पहल के तहत सहकारी समितियों को पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी के लाइसेंस प्रदान किए जाएंगे. इससे समितियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी. सहकारी समितियों में अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की गई है. समर्थन मूल्य खरीद में गड़बड़ी करने वाले पटवारियों को निलंबित किया गया है."

खाली पदों पर जल्द भर्ती

सहकारिता मंत्री ने कहा कि विभाग में खाली पदों को जल्द भरा जाएगा, ताकि व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके. साथ ही, सहकारी समितियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आमसभा आयोजित करना अनिवार्य किया गया है. इन आम सभाओं में विधायकों को भी अपने प्रतिनिधि भेजने के निर्देश दिए गए हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ेंः भिवाड़ी में कबाड़ के गोदाम में लगी आग, एक के बाद एक धमाकों से हड़कंप; घरों से बाहर निकले लोग