बीकानेर के लूणकरनसर क्षेत्र के हंसेरा गांव में एक खेत की जमीन फट गई. ग्रामीणो में दहशत का माहौल है. पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश के बाद खेत में गहरी दरार नजर आई. हर कोई इस दरार को जाकर नजदीक से देख रहा है. दरार क्यों हुई यह रहस्य बना हुआ है. यह दरार किसान संतराम भोभरिया के खेत में 16 जून को आई है.
अनुमान लगाना कठिन
खेत में आई इतनी लंबी दरार की गहराई कितनी है, इसका अनुमान लगाने के लिए ग्रामीणों ने दरार में एक टैंकर पानी डाला. पूरा पानी समा गया. इससे ग्रामीणों में और डर का माहौल बन गया. दरार कितना गहरा है, इसका अनुमान लगाना भी मुश्किल हो रहा है. किसान खेत में जाने से भी डर रहा है.
कई सवाल खड़े
लूणकरणसर क्षेत्र में हुई इस भूगर्भीय घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या इस क्षेत्र में धरती के अंदर कोई हलचल हुई है, या कोई सामान्य घटना है. इस घटना ने प्रशासन के लिए भी चुनौती खड़ी कर दी है.
16 जून को हुई थी तेज बारिश
16 जून को तेज आंधी के साथ जमकर बारिश हुई. आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि इलाके में सैकड़ों पेड़ जड़ से उखड़ गए थे. जगह-जगह पेड़ भी सड़क पर गिरे थे.
भू-गर्भ टेक्नीकल अधिकारी तीर्थराज ने बताया कि खेत में जो दरार आई है, उसका सर्वे किया जा रहा है. कल एक और टीम सर्वे के लिए आएगी, इसके लिए उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया दिया गया है. जब तक सर्वे नहीं होता, तब तक किसी को इस क्षेत्र में आने की अनुमति नहीं है.