सफाईकर्मी की बेटी की शादी में पुलिस ने भाई बन कर भरा मायरा, अब हो रही चर्चा

डीएसपी मीनाक्षी ने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ संवेदनात्मक रूप से जुड़ी हुई है. उन्होंने कहा कि इस तरह के सामाजिक प्रयास आगे भी जारी रहेंगे.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
हनुमानगढ़ पुलिस की अनोखी पहल

Rajasthan News: हनुमानगढ़ में पुलिस ने एक बार फिर सामाजिक सरोकार निभाते हुए मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश की. डीएसपी कार्यालय और जंक्शन थाना में कार्यरत सफाईकर्मी धीरज कुमार की पुत्री पूजा के विवाह अवसर पर पुलिस परिवार ने ‘भाई' बनकर मायरा भरा और आर्थिक सहयोग प्रदान किया.

निभाई रीति-रिवाज से मायरे की रस्म

डीएसपी मीनाक्षी और जंक्शन सीआई रामचंद्र कसवां के नेतृत्व में सीओ ऑफिस और जंक्शन थाना के पुलिसकर्मी धीरज कुमार के निवास पहुंचे. इस दौरान पुलिस टीम ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मायरे की रस्म निभाई. पुलिस विभाग की ओर से ₹56,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई, साथ ही नवविवाहित जोड़े के लिए आवश्यक घरेलू सामान भी भेंट किया गया.

खाकी वर्दी में जब अधिकारी और पुलिसकर्मी मायरा लेकर धीरज कुमार के घर पहुंचे, तो परिवार भावुक हो उठा. बेटी की शादी में पुलिस परिवार का इस तरह साथ खड़ा होना धीरज कुमार और उनके परिजनों के लिए गर्व और संतोष का क्षण रहा.

कानून व्यवस्था समाज के हर वर्ग के साथ

इस अवसर पर डीएसपी मीनाक्षी ने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ संवेदनात्मक रूप से जुड़ी हुई है. उन्होंने कहा कि इस तरह के सामाजिक प्रयास आगे भी जारी रहेंगे और जरूरतमंद कर्मचारियों व आमजन के साथ पुलिस परिवार हमेशा खड़ा रहेगा.

Advertisement

इस पहल ने यह संदेश दिया कि पुलिस और समाज का रिश्ता केवल औपचारिक नहीं, बल्कि विश्वास, सहयोग और अपनत्व पर आधारित है. हनुमानगढ़ पुलिस का यह कदम सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया है.

यह भी पढ़ेंः सीएम भजनलाल शर्मा ने किया वेतन से लेकर पेंशन और मानदेय से जुड़ी 10 बड़ी घोषणा, देखें लिस्ट

Advertisement