Heatwave Alert: राजस्थान में बढ़ा तापमान का कहर, 10–11 मार्च को दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में हीटवेव की चेतावनी

मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा. आने वाले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
राजस्थान में तेजी से बढ़ रही गर्मी

Heatwave Alert in Rajasthan: राजस्थान में गर्मी ने मार्च की शुरुआत में ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 10 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है. अगले कुछ दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है तथा दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के कुछ इलाकों में 10 और 11 मार्च को हीटवेव की स्थिति बन सकती है. सरहदी इलाके बाड़मेर में तापमान अभी से 40 डिग्री पहुंच गया और सड़के सुनसान दिखने लगी है.

24 घंटों में सबसे अधिक तापमान पिलानी में 40.2 डिग्री सेल्सियस

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार वर्तमान में प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है. पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान पिलानी में 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2 से 6 डिग्री अधिक बना हुआ है और जयपुर में न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री अधिक है.

Advertisement

अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा

मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा. आने वाले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है. अगले दो से तीन दिनों में कई जिलों में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. इसी दौरान 9 से 11 मार्च के बीच कहीं-कहीं हीटवेव की स्थिति बन सकती है.

हालांकि 11 से 12 मार्च के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके असर से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.

सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने गर्मी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. विभाग के अनुसार बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग गर्मी की चपेट में जल्दी आ सकते हैं. लंबे समय तक धूप में रहने वाले लोगों में हीट स्ट्रेस और डिहाइड्रेशन की समस्या बढ़ सकती है. किसानों को भी फसलों और सब्जियों पर गर्मी के असर से बचाव के लिए आवश्यक उपाय करने की सलाह दी गई है.

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है. साथ ही पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था रखने की अपील की गई है.

Advertisement

यह भी पढ़ेंः चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती में जीरो अंक वाले के चयन पर हाई कोर्ट नाराज, सरकार से कहा - कोई तो न्यूनतम योग्यता रखिए