IMD Alert: प्रदेश में मॉनसून सक्रिय है. मंगलवार को डूंगरपुर, उदयपुर, बांसवाड़ा, बूंदी और अजमेर समेत कई जगहों पर जमकर बरसात हुई. आज भी मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के 38 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. बारां, झालावाड़ और कोटा में आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट है.
डूंगरपुर में 70MM हुई बारिश
पिछले 24 घंटे में राज्य में डूंगरपुर के वेंजा में सर्वाधिक 70 मिमी बरसात हुई है. अलवर के नीमराणा में 52MM, प्रतापगढ़ के अरनोद में 21MM, छोटी सादड़ी में 22MM, सुहागपुरा में 20MM बारिश दर्ज हुई. इसके अलावा सवाई माधोपुर, दौसा, भरतपुर, अजमेर, बांसवाड़ा में भी दो इंच तक बरसात दर्ज की गई.
धौलपुर में दो दिन से लगातार बारिश
धौलपुर में सोमवार रात से शुरू हुई मॉनसूनी बारिश का दौर लगातार जारी है. झमाझम बारिश से पूरे जिले में मौसम सुहावना हो गया है. लंबे समय से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है, वहीं यह बारिश किसानों के लिए किसी अमृत से कम नहीं मानी जा रही है. समय पर हुई बारिश से खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलेगी, और पहले से बोई गई फसलों को भी पर्याप्त नमी मिलने से बेहतर बढ़वार की उम्मीद है.
बारिश ने गर्मी से दिलाई राहत
हालांकि बारिश के इस दौर के बीच पूरे प्रदेश में गर्मी से राहत है. तापमान में गिरावट है, लेकिन पश्चिमी राजस्थान के जिलों में लगातार गर्मी का प्रकोप जारी है. श्रीगंगानगर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बीकानेर में 41.8 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 41 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 40.6 डिग्री सेल्सियस, फलोदी में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. हालांकि, इसके अलावा सभी जगह पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा.
2 दिन और सक्रिय रहेगा मॉनसून
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी भारत में बना डिप्रेशन सिस्टम आज से कमजोर होकर दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर वेल मार्क लो प्रेशर के रूप में है. इसके अगले 24 घंटों में कमजोर होने की संभावना है. इस सिस्टम के कारण प्रदेश में अगले 2 दिन मॉनसून सक्रिय रहेगा, और कई जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है. हालांकि, 10 जुलाई के बाद भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: किसानों से खाली कागज पर साइन लेकर अधिकारी ने हड़प लिए पैसे, कृषि पर्यवेक्षक पर गिरी गाज