राजस्थान में बारिश होने से गर्मी से लोगों को राहत मिली. तापमान भी सामान्य से कम रिकॉर्ड हुआ. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, पिछले 24 घंटे में पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हुई. सबसे अधिक बारिश झुंझुनू के मंडावा में 18 मिलीमीटर रही. इसके अनुसार, बदले मौसम के कारण राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री रह रहा है, जो सामान्य से 2-8 डिग्री नीचे है.
जैसलमेर और बाड़मेर में बारिश
शनिवार सुबह तक 24 घंटे में सर्वाधिक तापमान जैसलमेर में 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा. केंद्र का कहना है कि शनिवार को जैसलमेर, बाड़मेर और आसपास के जिलों में हल्की बारिश होने तथा राज्य के शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है.
आज भी बारिश की संभावना
मौसम केंद्र के अनुसार, एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में 22 मार्च को हल्की बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, शेष अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. राज्य में आगामी एक सप्ताह उष्ण लहर की संभावना नहीं है.
इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने दौसा, करौली, जैसलमेर, बाडमेर, जालौर जिलों और आसपास के क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया है. अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है. कहीं-कहीं पर तेज हवा 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे चलने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: पंजाब- राजस्थान में पानी पर नई रार, कांग्रेस ने केंद्र सरकार के सामने रखी ये मांग