Rajasthan Weather: राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में सोमवार को दोपहर के बाद मौसम ने अचानक करवट ली. सुबह से कड़क धूप रहने के बाद दोपहर बाद अचानक से तेज और धूल भरी आंधी आई. जिसने पूरे इलाके को चपेट में ले लिया. कई जगहों पर तेज तूफान के कारण विजिबिलिटी कम हो गई. वहीं, राजस्थान के चूरू जिले में एक बार फिर से तेज तूफान आया और देखते ही देखते जैसे दिन में ही अंधेरा छा गया. उत्तर दिशा से उठे रेतीले तूफान ने देखते ही देखते पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया.
दिन जलानी पड़ी वाहनों की लाइटें
धूल भरी आंधी इतनी तेज थी कि दिन में ही अंधेरे जैसे हालात बन गए और सड़क पर चल रहे वाहनों को लाइटें जलाकर सफर करना पड़ा. करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के साथ आसमान में धूल का गुबार छा गया. आंधी के कारण कुछ समय के लिए दृश्यता भी प्रभावित रही, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. जिले के तारानगर, राजगढ़, सरदारशहर, रतनगढ़ सहित कई क्षेत्रों में रेतीले तूफान का असर देखने को मिला.
तेज तूफान के बाद हल्की बारिश
हालांकि, धूल भरी आंधी के बाद कई स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई. बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिली. मौसम में आई ठंडक के कारण शाम के समय लोगों ने खुले वातावरण का आनंद लिया.
फिलहाल आंधी और हल्की बारिश के बाद जिले में मौसम सुहावना हो गया है तथा लोगों को गर्मी से काफी राहत महसूस हुई है. धूल भरी आंधी ने भले ही कुछ समय के लिए जनजीवन को प्रभावित किया, लेकिन इसके बाद हुई हल्की बारिश ने तपते चूरू को राहत पहुंचाते हुए मौसम को खुशनुमा बना दिया.
राजस्थान के 32 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आगामी दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. जयपुर, उदयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, बीकानेर, जोधपुर संभाग में मंगलवार को कहीं-कहीं बारिश का अनुमान जताया है. मौसम विभाग ने 16 जून यानी मंगलवार के लिए पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, बारां, ब्यावर, भरतपुर, बूंदी, दौसा, धौलपुर, जयपुर, कोटा, सीकर समेत 23 जिलों में तेज आंधी और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, नागौर, फलौदी और श्रीगंगानगर में तेज आंधी और मेघगर्जन का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि जोधपुर, डीडवाना में भी मौसम विभाग ने तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है.
यह भी पढे़ं- राजस्थान के 15 जिलों में बारिश का अलर्ट, जानिए मानसून कब देगा दस्तक