ह‍िस्‍ट्रीशीटर ने पुल‍िस की गाड़‍ियों को मारी टक्‍कर, 4 पुल‍िसकर्मी घायल 

पुल‍िस ने करीब 8 क‍िलोमीटर तक बदमाश का पीछा क‍िया. करीब डेढ़ घंटे की मशक्‍कत के बाद ह‍िस्‍ट्रीशीटर रोहित महला को ग‍िरफ्तार कर ल‍िया. 

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया गया.

झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी कस्बे में शुक्रवार देर रात पुलिस और एक हिस्ट्रीशीटर के बीच फिल्मी अंदाज में पीछा करने की घटना सामने आई. पुलिस से बचने के लिए हिस्ट्रीशीटर रोहित महला ने पिकअप से पुलिस की गाड़ियों को कई बार टक्कर मारी. इस दौरान हुए हादसे में ASI सह‍ित 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए.  जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की है. पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ की ढाणी निवासी और गुढ़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर रोहित महला किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में घूम रहा है.

पुलिस 3 दिन से कर रही थी घेराबंदी  

पुलिस पिछले 3 दिनों से उसकी घेराबंदी की तैयारी कर रही थी. पुलिस को रोहित की लोकेशन मिली. इस पर गुढ़ागौड़जी थाने के एएसआई सज्जन कुमार अपनी टीम के साथ उसे पकड़ने के लिए रवाना हुए. टीम में वाहन चालक भूपेंद्र और कॉन्‍स्‍टेबल अशोक और रविकांत शामिल थे. पुलिस ने बांडिया नाले के पास हिस्ट्रीशीटर की पिकअप को दोनों तरफ से घेर लिया. एक पुलिस गाड़ी को उसके आगे और दूसरी को पीछे लगा दिया गया. 

Advertisement

भागने की फिराक में था रोहित 

खुद को घिरता देख रोहित ने भागने की कोशिश की, और पिकअप से पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मारते हुए निकल गया. इस दौरान उसने सामने खड़ी गुढ़ा थाने की गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी और फिर पिकअप को रिवर्स करते हुए पीछे खड़ी दूसरी गाड़ी को भी टक्कर मार दी. इसके बाद से फरार हो गया. पुलिस ने करीब 8 किलोमीटर तक उसका पीछा किया. पीछा करने के दौरान वह बार-बार पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मारकर बच निकलने की कोशिश करता रहा. 

पुलिस की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं 

टक्कर के कारण पुलिस की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं. गाड़ियों के शीशे टूट गए, एयरबैग खुल गए, और दरवाजे तक क्षतिग्रस्त हो गए. करीब डेढ़ घंटे तक पीछा करने के बाद बदमाश की पिकअप अचानक बंद हो गई. इस पर पुलिस ने दोबारा घेराबंदी कर रोहित महला को पकड़ लिया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसके साथी मौके से फरार हो गए. 

रोहित महला जयपुर रेफर 

घटना में पुलिस वाहन चालक भूपेंद्र का हाथ टूट गया, जबकि ASI सज्जन कुमार तथा कॉन्स्टेबल अशोक और रविकांत के हाथ-पैर में चोटें आई हैं. हिस्ट्रीशीटर रोहित महला के दोनों पैरों में भी चोट आई है. सभी घायलों को गुढ़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चारों पुलिसकर्मियों को छुट्टी दे दी गई, जबकि रोहित महला को पहले झुंझुनूं रेफर किया गया. देर रात उसकी हालत को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया. 

रोहित महला पर 19 गंभीर मामला दर्ज 

गुढ़ागौड़जी थाना प्रभारी सुरेश रोलन के अनुसार, रोहित महला एक शातिर अपराधी है. उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूटपाट और जानलेवा हमले सहित करीब 19 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं.  वह करीब एक महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था और बाहर आते ही फिर से सक्रिय हो गया था. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: राजस्थान में 64 IPS के ट्रांसफर, संजीव नैन जयपुर ग्रामीण के नए एसपी