होली पर्व के मद्देनज़र खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पेशल ऑपरेशन चला रहा है. खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झुंझुनू के बड़ाऊ में मिठाई की दुकानों पर सैंपलिंग अभियान चलाया. विभागीय टीम ने 100 किलो दूषित और बदबूदार कलाकंद जब्त कर मौके पर नष्ट किया. वहीं, मिलावटी खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के लिए चलाए गए इस अभियान के दौरान सैंपलिंग भी की गई. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न मिठाई दुकानों पर जांच की.
कई दुकानों से लिए गए सैंपल
इस दौरान शिव शक्ति मिष्ठान भंडार से मावा और कलाकंद के नमूने लिए गए. वहीं, जोधपुर मावा भंडार से भी कलाकंद और खोया के सैंपल एकत्रित किए गए. निरीक्षण के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में दूषित और बदबूदार कलाकंद मिला. इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए करीब 100 किलो खराब कलाकंद को मौके पर ही नष्ट करवाया गया.
लैब टेस्टिंग की रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
एफएसओ महेंद्र मेहनतकश ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावट की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए लगातार सैंपलिंग और जांच की जा रही है. मिठाई के सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में निकाय चुनाव पर सस्पेंस! सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से मांगा वक्त