भीलवाड़ा के व्यापारी मुकेश टेलर का दुबई में अपहरण हो गया. उससे 1 लाख 72 हजार रुपये और चार चेक छीन लिए. अपहरण करने वाले बदमाशों के भीलवाड़ा में मौजूद साथियों ने व्यापारी की पत्नी को धमकाकर 40 लाख रुपये का चेक ले लिया. पुलिस ने आरोपी बदमाश योगेश मुंदड़ा को गिरफ्तार कर लिया. दुबई पुलिस ने फजले रऊफ को रंगदारी वसूलने के आरोप में हिरासत में लिया है.
भीलवाड़ा में एक आरोपी गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि व्यापारी मुकेश टेलर बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद शनिवार को भीलवाड़ा पहुंचा. वह पत्नी के साथ सुभाष नगर थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की. पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी योगेश मुंदड़ को गिरफ्तार करके पूछताछ शुरू कर दी है.
दुबई में 20 साल से कर रहा व्यापार
सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश बिश्नोई ने बताया कि मुकेश टेलर दुबई में 20 साल से व्यापार कर रहा है. दुबई में बदमाश फजले रऊफ ने मुकेश टेलर का अपहरण कर लिया. उससे 1 लाख 72 हजार रुपए नकद और चार चेक छीन लिए. उसने अपने साथियों को व्यापारी मुकेश के घर भेजा, और उसकी पत्नी से 40 लाख रुपये के चेक ले लिए. मुकेश टेलर की रिपोर्ट पर अपहरण करने वाले बदमाश के साथी योगेश को गिरफ्तार किया है. गिरोह के सरगना राजू उर्फ रियाज पठान की तलाश की जा रही है.
फजले रऊफ पर 10 हजार का इनाम
आरोपी फजले रऊफ भीलवाड़ा पुलिस का इनामी बदमाश है. भीलवाड़ा पुलिस ने फजले रऊफ पर 10 हजार का इनाम घोषित कर रखा है. इसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी हो चुका है, वह दुबई में फरारी काट रहा है.
यह भी पढ़ें: गूगल मैप के भरोसे जा रहे हैं एग्जाम सेंटर तो रहें सावधान, नहीं तो छूट सकती है आपकी परीक्षा