SI Exam में किसी भी अनियमितता की सूचना देने वालों को मिलेगा 100000 रुपये का इनाम, WhatsApp हेल्पलाइन नंबर जारी

SI परीक्षा में पेपर लीक, ब्लूटूथ से नकल, डमी कैंडिडेट या किसी भी प्रकार की अनियमितता की सही सूचना देने वाले को ₹1,00,000 का इनाम दिया जाएगा.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
Rajasthan SI Exam

Rajasthan SI Exam: राजस्थान पुलिस उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 जो की आगामी 5और 6 अप्रैल को दो पारियों में आयोजित की जाएगी इसको लेकर स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने बड़ी घोषणा की है. परीक्षा में पेपर लीक, ब्लूटूथ से नकल, डमी कैंडिडेट या किसी भी प्रकार की अनियमितता की सही सूचना देने वाले को ₹1,00,000 का इनाम दिया जाएगा. इसके लिए एसओजी ने व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9530429258 जारी किया है, जिस पर मैसेज के जरिए सूचना दी जा सकती है. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. यह कदम परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले गिरोहों पर सख्ती से लगाम कसने के लिए उठाया गया है.

सतर्कता दलों की पैनी नजर

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सतर्कता दलों (विजिलेंस टीम) को सक्रिय कर दिया है. ये टीमें परीक्षा शुरू होने से पहले और समाप्ति के बाद केंद्रों का निरीक्षण करेंगी और यह सुनिश्चित करेंगी कि केंद्राधीक्षक, वीक्षक और अन्य कार्मिक आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन कर रहे हैं. किसी भी स्तर पर अनियमितता मिलने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी और रिपोर्ट में हर छोटी-बड़ी गड़बड़ी दर्ज की जाएगी. साफ संदेश दिया गया है कि परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

Advertisement

डिजिटल मॉड्यूल से आसान होगी प्रक्रिया

इस बार परीक्षा प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाने के लिए राजस्थान लोक सेवा आयोग ने डिजिटल मॉड्यूल लागू किया है. केंद्राधीक्षकों द्वारा भरे जाने वाले प्रपत्रों को कंप्यूटरीकृत कर दिया गया है, जिससे कागजी कार्यवाही कम होगी और कार्य तेजी से पूरा हो सकेगा. इससे अधिकारियों का फोकस सुरक्षा और परीक्षा संचालन पर ज्यादा रहेगा. नई व्यवस्था से परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन मजबूत होगा और पूरी चयन प्रक्रिया की विश्वसनीयता व पारदर्शिता और अधिक बढ़ेगी.

यह भी पढ़ेंः सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान SI परीक्षा स्थगित करने से किया इनकार, 5 और 6 अप्रैल को होगा एग्‍जाम