IPL Match Tickt Fraud: राजस्थान की राजधानी जयपुर के SMS स्टेडियम में IPL 2026 के मैच खेले जाएंगे. राजस्थान रॉयल्स के चार मैच यहां शेड्यूल किए गए हैं. वहीं मैच के टिकट बिक्री की आधिकारिक घोषणा भी हो गई है. राजस्थान के आगामी चार मैचों में पहला मैच 25 अप्रैल को खेला जाएगा. ऐसे में क्रिकेट प्रेमी मैच के टिकट खरीदने में लगे हुए हैं. हालांकि क्रिकेट प्रेमियों को टिकट के नाम पर धोखाधड़ी के लिए निशाना भी बनाया जा रहा है. ऐसे में राजस्थान पुलिस की साइबर सेल ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
क्लोन वेबसाइट पर हूबहू टिकट का नकल
पुलिस अधीक्षक (साइबर अपराध) शान्तनु कुमार सिंह ने एडवाइज देते हुए बताया कि अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों की मेहनत की कमाई हड़प रहे हैं. उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी जालसाजी और ‘क्लोन वेबसाइट' के जरिए असली साइट की हूबहू नकल तैयार करते हैं, जहां कार्ड की जानकारी डालते ही खाते से पैसे कट जाते हैं.
गूगल सर्च पर फेक वेबसाइट
एडवाइजरी के मुताबिक, गूगल पर खोजने के दौरान ऊपर दिखने वाले फर्जी विज्ञापनों के जरिए भी लोगों को भ्रमित किया जाता है. इतना ही नहीं ‘इंस्टाग्राम', ‘फेसबुक' और ‘टेलीग्राम' पर वीआईपी पास या ‘कन्फर्म टिकट' के नाम पर लुभावने ऑफर देकर ठगी की जा रही है.
अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा भुगतान के बाद ‘व्हाट्सएप' पर नकली क्यूआर कोड या ई-टिकट भेज दिए जाते हैं, जो स्टेडियम में मान्य नहीं होते.
राजस्थान रॉयल्स जयपुर में कुल चार घरेलू मुकाबले खेलेगी
राजस्थान रॉयल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद- 25 अप्रैल 2026
राजस्थान रॉयल्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स- 1 मई 2026
राजस्थान रॉयल्स बनाम गुजरात टाइटंस- 9 मई 2026
राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स- 19 मई 2026
अधिकारिक पार्टनर से ही टिकट खरीदें
उन्होंने बताया कि अपराधी सिर्फ दो टिकट बचे हैं या आखिरी ऑफर जैसे झांसे देकर लोगों पर तुरंत भुगतान का दबाव भी बनाते हैं. पुलिस ने सलाह दी है कि टिकट हमेशा आधिकारिक वेबसाइट या बुक माय शो जैसे अधिकृत पार्टनर से ही खरीदें. किसी भी वेबसाइट पर भुगतान से पहले उसकी स्पेलिंग और सुरक्षा चिह्न की जांच जरूर करें.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं.
यह भी पढ़ेंः ACB Action: SDM के नाम पर रिश्वत का खेल, 30000 की डील... ट्रैप हुआ शातिर ऑफिस कर्मचारी