जयपुर के खो-नागोरियन इलाके में मंगलवार सुबह अवैध पटाखा गोदाम में विस्फोट के बाद आग लगने से अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है. 8 मृतकों में से अभी तक 7 लोगों की पहचान हुई, जबकि एक अन्य की पहचान की कोशिश जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मकान से आग की लपटों से घिरे मजदूर निकले, जिनमें से कुछ सड़क पर गिर पड़े. इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से लेकर पूर्व अशोक गहलोत तक राजस्थान के तमाम नेताओं ने दुख व्यक्त किया है.
सीएम बोले- दुखद घटना
भजनलाल शर्मा ने एक्स लिखा, "जयपुर के खो नागोरियान इलाके में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर घटना है. जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को राहत व बचाव कार्यों में पूरी तत्परता के साथ जुटने, घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने व प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं.
जयपुर के खो नागोरियान क्षेत्र में हुई दुर्घटना में जनहानि का समाचार दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) June 9, 2026
जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता के साथ जुटने, घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता…
जयपुर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विनोद शर्मा ने बताया कि इस हादसे में 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. 5 लोगों ने सवाई मानसिंह अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि एक अज्ञात व्यक्ति को मृत अवस्था में लाया गया और दो अन्य व्यक्ति की मौत निजी अस्पताल में हुई. पुलिस के मुताबिक, आठ मृतकों में से सात की शिनाख्त समीर, आजिम, नासिर, अब्दुल वहीद, रबिल, बिलाल और अशरफ के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य की पहचान के प्रयास जारी हैं.
जांच के बाद पता चलेगा आग का कारण
जयपुर के जिलाधिकारी संदेश नायक ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग मकान में रखी ज्वलनशील सामग्री के कारण लगी होगी. मकान में कुछ ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी. आग लगने का सही कारण विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. जयपुर के पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने बताया कि आवासीय क्षेत्र में स्थित मकान का अवैध रूप से गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था.
पुलिस कमिश्नर के अनुसार, फॉरेंसिक जांच से पता चलेगा कि मकान में रखी सामग्री पटाखे थी या नहीं. मकान मालिक सहित सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. एक स्थानीय निवासी ने बताया कि आग लगने से पहले विस्फोट की आवाज सुनाई दी थी. उसने कहा, “हमने पानी का टैंकर मंगवाया और पाइप से आग बुझाते हुए अंदर जाने की कोशिश की. हम तीन-चार लोगों को बाहर निकालने में सफल रहे. बाद में उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया.”
आग से पहले सिलेंडर में विस्फोट की आवाज आई
गोदाम के पास रहने वाले एक अन्य व्यक्ति लियाकत ने बताया कि आग लगने से ठीक पहले सिलेंडर में विस्फोट जैसी आवाज सुनाई दी थी और कुछ ही पल में लपटों ने पूरे परिसर को घेर लिया, लियाकत ने बताया कि मलबे से एक पटाखा ब्रांड का लेबल बरामद हुआ है, जिससे संकेत मिलता है कि मकान के अंदर बड़ी मात्रा में पटाखे मौजूद थे. अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट युगांतर शर्मा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल, एंबुलेंस, पुलिस दल और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो आग लगने के कारणों की जांच करेगी और जिम्मेदारी तय करेगी. गोदाम मालिक और इसके संचालन से जुड़ी जानकारी अभी सत्यापित की जा रही है.
यह भी पढे़ं- राजस्थान के बालोतरा में दर्दनाक घटना, घर से खेलने गए 3 मासूमों की सीवरेज के गंदे पानी में डूबने से मौत