5 मार्च को आमेर महल घूमने का बना रहे हैं प्‍लान तो कर दें कैंसिल, आम पर्यटकों को नहीं म‍िलेगी एंट्री 

आमेर महल में रोज आयोज‍ित होने वाला साउंड एंड लाइड शो भी 5 मार्च को आयोज‍ित नहीं क‍िया जाएगा. दोपहर के बाद आम पर्यटकों की एंट्री पर रोक लगा दी जाएगी.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
आमेर महल 5 मार्च को आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा.

आमेर महल 5 मार्च को दोपहर के बाद आम पर्यटकों के ल‍िए बंद कर द‍िया जाएगा. जयपुर में ब्रिक्स देशों के वित्त मंत्रियों एवं केंद्रीय बैंक गवर्नरों (एफएमसीबीजी) की बैठक होगी. इसके बाद आमेर महल के भ्रमण और गाला ड‍िनर का कार्यक्रम है. इसकी वजह से निर्णय लिया गया है. प्रशासन ने बताया क‍ि सुरक्षा कारणों और उच्चस्तरीय व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए आम पर्यटकों की एंट्री नहीं होगी. सुबह पर्यटक भ्रमण कर सकते हैं.

गाला डिनर का आयोजन 

आमेर महल के अधीक्षक डॉ. राकेश छोलक ने बताया कि BRICS देशों के प्रतिनिधि आमेर महल का भ्रमण करेंगे. इसके बाद ऐतिहासिक प्रांगण में विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और गाला डिनर होगा. कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो गई है. महल परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है. 

साउंड एंड लाइट शो भी रद्द

आमेर महल में रोज आयोजित होने वाला लोकप्रिय साउंड एंड लाइट शो भी 5 मार्च को आयोजित नहीं किया जाएगा. हजारों पर्यटकों को आकर्षित करने वाला यह शो एक दिन के लिए स्थगित रहेगा. प्रशासन ने पर्यटकों से पहले जानकारी लेकर अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की है.  

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

BRICS देशों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाया जा रहा है. आमेर महल में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा. प्रवेश द्वारों पर सघन जांच की जाएगी. आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में आंशिक बदलाव संभव हो सकता है. ड्रोन और अन्य तकनीकी निगरानी उपकरणों से निगरानी की जाएगी. स्थानीय प्रशासन, पुलिस और पर्यटन विभाग के अधिकारी लगातार बैठकें करके तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं.  

Advertisement

सुबह कर सकेंगे भ्रमण

आमेर महल अधीक्षक डॉ. राकेश छोलक ने बताया कि 5 मार्च को सुबह के समय आमेर महल आम दिनों की तरह पर्यटकों के लिए खुला रहेगा. दोपहर बाद एंट्री पूरी तरह से बंद कर दी जाएगी. प्रशासन ने पर्यटकों, ट्रैवल एजेंसियों और गाइड्स को पूर्व सूचना जारी कर दी है. 

जयपुर से रोहन शर्मा की रिपोर्ट...

यह भी पढ़ें: ट्रंप, मस्क और एप्सटीन फाइल्स, अब इनका नाम लेकर क्या प्रवचन दे रहे धीरेंद्र शास्त्री; भक्त बजा रहे तालियां

Advertisement