जयपुर के हरमाड़ा में 5 साल की मासूम के मर्डर में सनसनीखेज खुलासा हुआ है. बच्ची की हत्या के आरोप में पड़ोस में रहने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया गया है. शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी महिला को उसके पति और बच्ची की मां के बीच अवैध संबंधों का शक था. पड़ोसन की सबक सिखाने के लिए महिला ने बच्ची की हत्या की खौफनाक साजिश रची. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत दम घुटने से होना सामने आया है.
बदला लेने के लिए बनाया खौफनाक प्लान
बदला लेने के लिए बैचेन महिला पड़ोसन को दर्द में देखना चाहती थी. इसी वजह से उसने खौफनाक वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई. मासूम बच्ची घर के बाहर खेल रही थी. तभी महिला उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गई. हत्या के बाद आरोपी महिला ने सबूत छिपाने की कोशिश की. उसने बच्ची के कपड़े उतार दिए और शव को कंबल में लपेटकर घर में रखे बेड के अंदर छिपा दिया.
महिला के घर में कंबल में लिपटा मिला शव
काफी देर तक बच्ची के नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. जब आरोपी महिला के घर की तलाशी ली तो वहां से कंबल में लिपटा मासूम का शव बरामद हुआ. पूछताछ में सामने आया कि महिला बच्ची की लाश फेंकने की तैयारी में थी.
क्राइम सीरियल का भी लिया सहारा
डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरन ने बताया कि पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी महिला गुड़िया को गिरफ्तार कर लिया है. अब मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है. आरोपी महिला ने करीब 3 महीने तक फेसबुक और यूट्यूब देखकर मर्डर करने की तरकीब बनाई. योजना को अंजाम देने के लिए उसने क्राइम सीरियल भी देखा. जब उसने बच्ची की हत्या की तो टीवी की आवाज को भी बढ़ा दिया, ताकि आवाज बाहर तक ना जाए.
यह भी पढ़ेंः जयपुर की ताजातरीन खबरों के लिए पढ़िए- Jaipur News LIVE Updates