जयपुर मेट्रो फेज-2 के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हो गई है. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार (22 जुलाई) को सीतापुरा स्थित प्रस्तावित मेट्रो डिपो में परियोजना का विधिवत भूमि पूजन किया. काम पूरा होने के बाद मानसरोवर से टोंक रोड होते हुए सीतापुरा तक मेट्रो को रफ्तार मिलेगी. मेट्रो का दूसरा चरण शहर के ट्रैफिक मैनजमेंट के लिहाज से अहम माना जा रहा है. मेट्रो फेज-2 के तहत करीब 41 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर विकसित किया जाएगा. यह कॉरिडोर मानसरोवर से टोंक रोड होते हुए सीतापुरा तक जाएगा.
प्रोजेक्ट के तहत कुल 36 स्टेशन प्रस्तावित हैं. इनमें 34 एलिवेटेड और 2 भूमिगत स्टेशन होंगे. परियोजना के तहत प्रमुख क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की योजना है. खाटूश्यामजी मंदिर क्षेत्र से जुड़े स्टेशन को मौजूदा मेट्रो फेज-1 से जोड़े जाने का प्रस्ताव है. इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी.
मेट्रो में यात्रियों से किया संवाद
भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद सीएम ने मानसरोवर मेट्रो स्टेशन से छोटी चौपड़ मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो में यात्रा की. इस दौरान उन्होंने यात्रियों से संवाद किया. छोटी चौपड़ पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने वहां आर्ट गैलरी का निरीक्षण भी किया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जयपुर मेट्रो फेज-2 शहर के लिए लाइफलाइन साबित होगी. उन्होंने कहा कि जयपुर को आज एक और बड़ी सौगात मिली है. मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं. उन्होंने कहा था कि विकास कार्यों की शुरुआत हम करेंगे और उसका उद्घाटन भी हम ही करेंगे. आज हमने मेट्रो फेज-2 की शुरुआत की है और इसका उद्घाटन भी हम ही करेंगे.”
13,037 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी परियोजना
इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 13,037 करोड़ रुपये है, जिसका 50-50 फीसदी खर्च केंद्र और राज्य सरकार के हिस्से में होगा. इससे एयरपोर्ट, गांधी नगर रेलवे स्टेशन, एसएमएस अस्पताल, राजस्थान सचिवालय, कलेक्ट्रेट, जेएलएन मार्ग, सीतापुरा और बी-2 बाईपास जैसे प्रमुख क्षेत्रों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है.
मेट्रो के दूसरे चरण से एयरपोर्ट, गांधी नगर रेलवे स्टेशन, SMS हॉस्पिटल समेत कई क्षेत्रों की कनेक्टिविटी आसान होगी.
प्रधानमंत्री मोदी ने 4 जुलाई को किया था शिलान्यास
जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 जुलाई को किया था. अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सीतापुरा में भूमि पूजन के साथ परियोजना के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की है.
परियोजना के पूरा होने के बाद जयपुर का मेट्रो नेटवर्क और अधिक विस्तृत होगा. सरकार का दावा है कि फेज-2 के जरिए शहर के प्रमुख व्यावसायिक, औद्योगिक, प्रशासनिक, स्वास्थ्य और परिवहन केंद्रों के बीच सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा सकेगा.
यह भी पढ़ेंः पर्सनल मोबाइल नंबरों के क्यूआर कोड पर हो रहा था ट्रांजैक्शन, GST टीम का छापा