UD Tax बकायेदारों पर जयपुर नगर निगम का एक्शन, होटल मैरियट और रमाडा की संपत्तियां हुईं सीज

जयपुर में नगर निगम ने यूडी टैक्स (UD Tax)  के बड़े बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की है. रेवेन्यू टीम ने शहर के दो नामी होटल समूहों मैरियट और रमाडा पर शिकंजा कसते हुए उनकी संपत्तियों को सीज कर दिया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Rajasthan News: राजधानी जयपुर में नगर निगम ने यूडी टैक्स (UD Tax)  के बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए आज बड़ी कार्रवाई की गई. निगम की रेवेन्यू टीम ने शहर के दो नामी होटल समूहों मैरियट और रमाडा पर शिकंजा कसते हुए उनकी संपत्तियों को सीज कर दिया. हालांकि, निगम की इस सख्त कार्रवाई का खौफ ऐसा रहा कि महज चंद घंटों के भीतर ही होटल प्रबंधन ने करोड़ों रुपये का बकाया टैक्स जमा करवा दिया, जिसके बाद सील की गई संपत्तियों को खोल दिया गया.

पांच सितारा होटल मैरियट पर कार्रवाई 

मालवीय नगर जोन इलाके में नगर निगम की रेवेन्यू टीम ने सबसे पहले जवाहर सर्किल के पास स्थित पांच सितारा होटल मैरियट पर कार्रवाई की. निगम के अधिकारियों के मुताबिक, इस ग्रुप पर 5.97 करोड़ रुपये का भारी-भरकम यूडी टैक्स बकाया था. बार-बार नोटिस के बावजूद टैक्स जमा नहीं कराने पर टीम ने सख्त कदम उठाते हुए होटल के बाहर बने एक लग्जरी कार शोरूम और एक रेस्टोरेंट की कुर्की की और उन्हें मौके पर ही सील कर दिया.

Advertisement

राजापार्क स्थित होटल रमाडा पर भी कार्रवाई

मैरियट के बाद टीम ने राजापार्क स्थित होटल रमाडा पर भी कार्रवाई की. इस ग्रुप पर भी 1.36 करोड़ रुपये का यूडी टैक्स लंबे समय से बकाया चल रहा था. निगम की टीम ने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर होटल ग्रुप की कुछ संपत्तियों को सील कर दिया, जिससे होटल प्रबंधन में हड़कंप मच गया.

नगर निगम की इस सीजिंग कार्रवाई का असर तुरंत देखने को मिला. मालवीय नगर जोन के उपायुक्त मुकुट सिंह ने बताया कि कार्रवाई के करीब 2 घंटे बाद ही होटल रमाडा और मैरियट ग्रुप का प्रबंधन नगर निगम के दफ्तर पहुंच गया. दोनों समूहों ने अपने-अपने बकाया टैक्स राशि का चेक निगम में जमा करवा दिया. टैक्स की पूरी राशि रिकवर होने के बाद, निगम प्रशासन ने दोनों होटलों की सीज की गई संपत्तियों को मुक्त कर दिया.

य़ह भी पढ़ेंः ACB Action: 15000 रुपये की रिश्वत लेते रेवेन्यू इंस्पेक्टर हुआ ट्रैप, एसीबी ने रंगे हाथ दबोचा