जयपुर में मूक-बधिर छात्रों के प्रदर्शन के बाद सरकार का एक्शन, स्कूल के प्रिंसिपल पर गिरी गाज

स्कूल के छात्रों का कहना है कि स्कूल में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं का अभाव है और बुनियादी सुविधाएं नहीं है. इस वजह से बच्चों को हर दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
जयपुर में मूक-बधिर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद एक्शन.

जयपुर के आनन्दीलाल पोद्दार बधिर स्कूल के मामले में सरकार ने एक्शन लिया. छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग ने प्रिंसिपल भारत जोशी को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए हैं. शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जयपुर पूर्व के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को जांच की जिम्मेदारी दी गई है. जांच में छात्रों को विद्यालय से बाहर किए जाने, प्रदर्शन के कारणों और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी. बता दें कि मूक-बधिर उच्च माध्यमिक स्कूल में शौचालयों की बदहाल स्थिति, पीने के पानी का गहरा संकट और जर्जर भवन की खस्ताहाल व्यवस्था से छात्र परेशान थे. इसी के विरोध में दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया. 

रिपोर्ट मिलते ही दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई- दिलावर

शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा, "मामला संज्ञान में आते ही प्रिंसिपल को सस्पेंड कर दिया गया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच करने के लिए सीबीईओ ईस्ट की अध्यक्षता में जांच समिति का गठन कर दिया है. रिपोर्ट मिलते ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी."

Advertisement

प्रिंसिपल बीकानेर में देंगे हाजिरी, जांच रिपोर्ट का इंतजार

निलंबन अवधि के दौरान प्रिंसिपल का मुख्यालय निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, राजस्थान, बीकानेर रखा गया है और उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता देय होगा. मामले में जांच समिति की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, उसके बाद सख्त एक्शन की संभावना है. 

यह भी पढ़ेंः रणथंभौर का वीडियो वायरल होने पर एक्शन, 1100 रुपये का जुर्माना, सरकारी अधिकारी से जुड़ा है मामला