जयपुर के मानसरोवर क्षेत्र में मामूली बात पर शुरू हुए विवाद में एक व्यक्ति की जान चली गई. गुर्जर की थड़ी स्थित शांति नगर में अंडे गिरने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई. इस मारपीट में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं, पुलिस ने मामले में 4 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें नाबालिग भी शामिल है.
अंडे नीचे गिरने पर कहासुनी और फिर मारपीट
घटना मंगलवार (28 जुलाई) शाम शांति नगर इलाके की है. तब एक पक्ष अंडे लेकर जा रहा था. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों से टकराने पर अंडे नीचे गिर गए. इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई और फिर बात मारपीट तक पहुंच गई. आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के लोग डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया. हमले में मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले निवासी बलवीर घायल हो गया.
जानकारी के मुताबिक, बलवीर जयपुर के गुर्जर की थड़ी क्षेत्र में किराये पर रहकर मजदूरी करता था. घटना में उसके दो अन्य साथी भी घायल हुए. तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बलवीर ने मंगलवार देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
मृतक के भाई ने दर्ज करवाया केस
घटना के बाद मृतक के भाई ने मानसरोवर थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने तुरंत ही कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को हिरासत में लिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हिरासत में लिए गए आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है.
यह भी पढ़ेंः 'मौत का सामान' लिखकर 20 फीट हवा में लटका दी स्कॉर्पियो, महिंद्रा शोरूम के बाहर लोगों का प्रदर्शन