एक ही परिवार में उठीं 4 अर्थियां, जयपुर के फागी में दर्दनाक हादसा, बेकाबू बोलेरो ने कुचला

जयपुर के फागी में सड़क हादसे के चलते एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई. इस भयानक हादसे में 3 मासूमों के सिर से मां का साया उठ गया. सोनू गंगवाल की रिपोर्ट.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
जयपुर के फागी में सड़क हादसा.

जयपुर के फागी में शुक्रवार (21 अगस्त) शाम दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं. फागी-माधोराजपुरा स्टेट हाईवे-2 पर चाकसू रोड में एलएनटी रोड से करीब 500 मीटर दूर बेकाबू बोलेरो ने 4 सदस्यों को कुचल दिया. इस हादसे में सत्यनारायण (65), उनकी पत्नी मनमौज (60), उनकी दोनों बहुओं अमृता देवी (35) और शिमला देवी (23) की मौत हो गई. एक ही परिवार के चारों लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसर गया. इस हादसे ने 3 मासूम बच्चों की पूरी दुनिया ही बदल दी. अमृता देवी के 15 वर्षीय बेटी प्रियंका और 13 वर्षीय बेटा हिमांशु के सिर से मां का आंचल हमेशा के लिए उठ गया. जिस मां की गोद और दादा-दादी का प्यार उनके बचपन का सहारा था, वह सब एक ही हादसे में छिन गया.

8 महीने की वंशिका को मां की गोद नसीब नहीं होगी

सबसे दर्दनाक तस्वीर शिमला देवी की 8 माह की बेटी वंशिका की है. जिस उम्र में बच्चा मां की गोद के बिना एक पल भी नहीं रह सकता, उसी उम्र में वंशिका की मां उससे हमेशा के लिए दूर हो गई. वंशिका अभी इतनी छोटी है, "उसे शायद यह भी नहीं पता कि उसकी मां की गोद उसे नसीब नहीं होगी." 

Advertisement

खेत से घर लौट रहे थे, लेकिन घर नहीं पहुंच पाए

शुक्रवार शाम परिवार के लोग रोज की तरह खेत से काम कर घर लौट रहे थे. यही सफर कुछ ही पलों में जिंदगी का आखिरी सफर बन गया. प्रत्यक्षदर्शी बद्रीनारायण के अनुसार, बोलेरो तेज रफ्तार में लहराती हुई आई. उसने बचने के लिए छलांग लगाई, लेकिन परिवार के अन्य सदस्य बोलेरो की चपेट में आ गए. हादसे की सूचना मिलते ही फागी थानाधिकारी पुष्पेंद्र बंशीवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. चारों को फागी उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है, शनिवार (22 अगस्त) को पोस्टमार्टम होगा.

घर में पसरा सन्नाटा, ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम 

हादसे के बाद डिग्गी रोड स्थित कुम्हारों के मोहल्ले में हर आंख नम है. परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन है. एक साथ परिवार के चार सदस्यों की मौत ने हर किसी को झकझोर दिया. वहीं, इस घटना के बाद  चार मौतों की खबर फैलते ही ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा.बड़ी संख्या में लोग फागी उप जिला अस्पताल पहुंचे और विरोध जताया. पोस्ट ऑफिस तिराहे पर जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे और दूदू-चाकसू रोड पर चक्का जाम कर दिया गया है. मौके पर मौजूद ग्रामीण सड़क हादसों की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं. 

यह भी पढ़ेंः जयपुर के जिस स्कूल में आशुतोष रांका के पहुंचने पर हुआ बवाल, वो गाय के तबेले में चल रहा, झाडू़ लगाती दिखी छात्र