Amer News: गुलाबी नगरी जयपुर के आमेर स्थित विश्व प्रसिद्ध 'हाथी गांव' में इन दिनों एक खास हथिनी देशी-विदेशी पर्यटकों के आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र बनी हुई है. हाथी मालिक विकास समिति के अध्यक्ष बल्लू खान ने बताया कि 'फुटबॉल क्वीन' के नाम से मशहूर हथिनी 'चंदा' अपनी शानदार फुटबॉल स्किल्स और चंचल अंदाज से हर किसी का दिल जीत रही है. वैसे तो चंदा रोजाना सुबह आमेर महल में पर्यटकों को शाही सवारी कराने का काम करती है, लेकिन शाम होते ही उसका एक अलग अंदाज देखने को मिलता है. जैसे ही वह फुटबॉल मैदान में कदम रखती है, पूरी ऊर्जा के साथ खेलना शुरू कर देती है.
पहले लिया वाटर बाथ, फिर मैदान में मचाया धमाल
हाल ही में सामने आए वीडियो में देखा गया कि इस तपती गर्मी के बावजूद चंदा के उत्साह में कोई कमी नहीं है. वह मैदान में आने से पहले आराम से पानी पीती है और करीब 15 मिनट तक नहाकर खुद को ठंडक पहुंचाती है. इसके बाद जैसे ही वह मैदान में उतरती है, फुटबॉल को जोरदार किक मारती है. हाथी और इंसानों के बीच की यह अनोखी जुगलबंदी वहां आने वाले सैलानियों को बेहद रोमांचित कर रही है.
पर्यटकों ने सोशल मीडिया पर किया वीडियो वायरल
जयपुर से आमेर के हाथी गांव घूमने आए पर्यटक सौरभ ने बताया कि चंदा के खेल को देखकर वह खुद को रोक नहीं पाए और मैदान में उतरकर उसके साथ फुटबॉल खेलने लगे. वहां मौजूद कई पर्यटकों ने इस अद्भुत नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया है.
सोशल मीडिया यूजर्स चंदा की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। कई पर्यटकों ने तो मजाकिया अंदाज में यहां तक कह दिया कि अब दुनिया के मशहूर फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी (Lionel Messi) और क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) को भी आमेर आकर चंदा के साथ एक मैच खेलना चाहिए. लोगों ने चंदा को 'हाथी गांव की स्टार प्लेयर' का टैग दे दिया है.
महावतों की विशेष टीम रख रही खास ख्याल
गौरतलब है कि जयपुर में पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच हाथी गांव में वन्यजीवों की विशेष देखभाल की जा रही है. महावतों की टीम लगातार हाथियों को समय-समय पर पानी पिलाने, नहलाने और उन्हें ठंडक देने की व्यवस्था में जुटी हुई है ताकि वे स्वस्थ और एक्टिव रह सकें. इसी बेहतरीन देखभाल का नतीजा है कि चंदा जैसी हथिनी पूरी ऊर्जा के साथ पर्यटकों का मनोरंजन कर रही है.
ये भी पढ़ें:- एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट से लेकर हेरिटेज वॉकवे तक, 500 करोड़ से संवरेगा बूंदी, शहर में जल्द दिखेंगे ये बड़े बदलाव