जैसलमेर के खूहड़ी- म्याजलार मार्ग पर आपसी रंजिश के चलते एक युवक की कथित तौर पर अपहरण कर बेरहमी से पिटाई कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार म्याजलार निवासी महावीर सिंह पुत्र गोवर्धन सिंह बाइक से खूहड़ी से अपने गांव लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में दो गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे बदमाशों ने उसकी बाइक को टक्कर मारकर रोक लिया. आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने महावीर सिंह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. गंभीर मारपीट के बाद उसे जबरन वाहन में डालकर अपने साथ ले गए और सुनसान स्थान पर ले जाकर फिर से बेरहमी से पीटा.
अधमरी हालत में फेंक गए बदमाश
बताया जा रहा है कि अधमरी हालत में आरोपियों ने महावीर सिंह को सोडा गांव सर्किल के पास एक बोलेरो कैम्पर की ट्रॉली के नीचे छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए. बाजार में मौजूद लोगों की नजर घायल युवक पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस और ग्रामीणों को सूचना दी. सोडा गांव निवासी स्वरूप सिंह ने बताया कि घटना के समय वह खेत पर थे. उनकी दुकान के पास स्थित बाजार में एक गोल्ड और एक कैम्पर गाड़ी पहुंची. दो व्यक्ति ट्रॉली में महावीर सिंह को लेकर आए और बच्चों के सामने नीचे गिराकर फरार हो गए.
स्वरूप सिंह के अनुसार गिरते ही महावीर सिंह ने अपना परिचय देते हुए बताया कि वह गोवर्धन सिंह का पुत्र है और उसे हमीर सिंह व उसके साथियों ने मारपीट करने के बाद यहां छोड़कर गए है. वह लगातार पानी मांग रहा था और दर्द से तड़प रहा था. ग्रामीणों ने घायल युवक का वीडियो बनाया और तुरंत अपनी गाड़ी से उसे जैसलमेर के जवाहर अस्पताल पहुंचाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महावीर सिंह के सिर से लगातार खून बह रहा था और उसके दोनों पैर और एक हाथ फ्रैक्चर नजर आ रहे थे. हालांकि अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी.
महावीर सिंह (फाइल फोटो)
वायरल वीडियो की जांच की जाएगी- पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे अस्पताल पहुंचे और बाद में मोर्चरी में शव का निरीक्षण किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी करवा दी है. एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया कि मृतक की पहचान म्याजलार निवासी महावीर सिंह के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी में मारपीट के बाद घायल अवस्था में उसे सोडा गांव में छोड़कर फरार होने की बात सामने आई है. पुलिस सभी पहलुओं और संभावित थ्योरियों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो सहित हर साक्ष्य की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.
रास्ते में हमला करके जबरदस्ती गाड़ी में डाल ले गए
मृतक महावीर के साथ बाइक पर स्वार साथी भोपाल सिंह ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था. इसी दौरान सामने से आ रही एक गाड़ी के चालक ने उन्हें देखकर लाइट दी. भोपाल सिंह ने जैसे ही अपनी बाइक की रफ्तार धीमी की, आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल को ज़ोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए. पीड़ित भोपाल सिंह के अनुसार, गाड़ी में करीब पांच लोग सवार थे. टक्कर के बाद आरोपियों ने भोपाल सिंह को ज़बरदस्ती अपनी गाड़ी में बिठा लिया. वहीं, उसके साथी को सड़क पर ही घेरकर उम्मेद सिंह, पप्पू सिंह और दो-तीन अन्य लोगों ने लोहे के सरियों (झुमरी) और लाठियों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया.
गंभीर रूप से घायल करने के बाद आरोपी भोपाल सिंह के साथी को लहूलुहान हालत में गाड़ी में डालकर (अपहरण कर) अपने साथ ले गए, जबकि भोपाल सिंह को 'दौ फांटा' नामक स्थान पर ले जाकर सड़क किनारे छोड़ दिया. घायल भोपाल सिंह ने बताया कि हमलावरों और उसके साथी के बीच पहले से ही कोई पुरानी रंजिश या विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया. फिलहाल पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अपहृत युवक की तलाश में नाकाबंदी कर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
यह भी पढे़ं- राजस्थान के बालोतरा में दर्दनाक घटना, सीवरेज नाले में भरे पानी में डूबे 3 मासूम