जैसलमेर में छोटे-छोटे पैकेट्स में बिक रहा है 'नशा', एमडी ड्रग्स के नेटवर्क के खिलाफ पुलिस का शिकंजा

जैसलमेर में एमडी ड्रग्स सप्लाई के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसा है. 22 ग्राम एमडी के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया. छोटी-छोटी पुड़ियों में शहर तक ड्रग्स पहुंच रहा था.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
जैसलमेर में एमडी ड्रग्स सप्लाई के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई.

जैसलमेर शहर में मादक पदार्थ की सप्लाई के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 22 ग्राम एमडी मादक पदार्थ, टोयोटा ग्लांजा कार और मादक पदार्थ बेचकर जुटाई गई करीब 12 हजार 500 रुपये की नकदी बरामद की है. 23 अगस्त को रामगढ़ बाईपास की तरफ एरिया गश्त के दौरान एक संदिग्ध वाहन सामने से आता दिखाई दिया. पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रुकवाया और तलाशी ली. तलाशी में मोती सिंह नामक आरोपी के कब्जे से 22 ग्राम एमडी बरामद हुई. 

बदमाशों ने बदला तस्करी का तरीका

शहर कोतवाल प्रेमाराम ने बताया कि जैसलमेर में पूर्व में बड़ी मात्रा में कार्रवाई होने के बाद तस्करों ने अपना तरीका बदल लिया था. अब छोटे स्तर पर अलग-अलग गलियों में जाकर एमडी की छोटी-छोटी पुड़ियां (पैकेट्स) सप्लाई किए जाने की सूचना मिल रही थी. इसी को लेकर पुलिस टीम और जिला विशेष टीम को आसूचना संकलन एवं कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे. 

Advertisement

आरोपी सालभर से चला रहा था तस्करी का नेटवर्क 

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में कोई मामला दर्ज नहीं है, लेकिन करीब सालभर वर्ष से वो शहर में सक्रिय था और छोटे तस्करों को एक-एक ग्राम की पुड़ियां बनाकर एमडी सप्लाई कर रहा था. कार्रवाई के दौरान टोयोटा ग्लांजा कार भी जब्त की गई है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एमडी की बिक्री से प्राप्त करीब 12,500 रुपये भी बरामद किए हैं. 

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर एमडी की सप्लाई के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है.शहर कोतवाल प्रेमाराम ने जैसलमेरवासियों से अपील की है कि शहर की छोटी गलियों और थड़ियों पर एमडी के बढ़ते अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में जोजरी नदी के दायरे में 100 मीटर तक निर्माण पर रोक, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश