Rajasthan Bus Fire: जैसलमेर में आग का गोला बनी चलती स्कूल बस, ड्राइवर ने समय रहते बच्चों को बचाया; जल गईं किताबें

डाबला रोड स्थित एसएम पब्लिक स्कूल की यह बस जैसलमेर शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर ही पहुंची थीं, तभी उसके इंजन से धुआं निकलने लगा, और फिर भीषण आग लग गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
जैसलमेर में बच्चों से भरी स्कूल बस में लगी आग, बाल-बाल बची सभी की जान.
NDTV Reporter

Rajasthan News: महाशिवरात्रि वाले दिन राजस्थान के जैसलमेर जिले में बड़ा हादसा होते-होते टल गया. मंगलवार सुबह धऊवा गांव के पास बच्चों को स्कूल लेकर जा रही एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई. बस में करीब दो दर्जन बच्चे सवार थे. इंजन से धुआं उठता देख ड्राइवर ने तत्काल बस रोक दी और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके कुछ ही देर बाद आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया.

किस स्कूल की बस थी?

जानकारी के अनुसार, स्कूल बस पिथला गांव से बच्चों को लेकर डाबला रोड स्थित एसएम पब्लिक स्कूल जा रही थी. जैसलमेर शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर धऊवा गांव के पास पहुंचते ही बस के अगले हिस्से यानी इंजन से अचानक धुआं उठने लगा. ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को सड़क पर ही रोका और बच्चों को बाहर निकालना शुरू कर दिया. बच्चों को बस से बाहर निकालकर दूर खड़ा किया ही होगा कि आग तेजी से भड़क गई और देखते ही देखते बस का अधिकांश हिस्सा आग की चपेट में आ गया. आग के कारण बस में रखे बच्चों के बैग और अन्य सामान भी जल गए.

Advertisement

3 फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग

बस में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. नगर परिषद की दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, आग बुझने तक बस का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा.

गनीमत रही कि ड्राइवर की सूझबूझ और समय पर लिए गए फैसले से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हादसे में किसी बच्चे या स्कूल स्टाफ के घायल होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद बच्चों के परिजनों ने राहत की सांस ली.

ये भी पढ़ें:- राजस्थान के 25 जिलों में बारिश का अलर्ट, मूसलाधार बरसात से जलसैलाब; स्कूल में फंसे 80 बच्चों का रेस्क्यू