Jhalawar Road Accident: राजस्थान के झालावाड़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा घटित हुआ है. यहां बूंदी स्थित कमलेश्वर महादेव से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक लोडिंग ऑटो अनियंत्रित होकर सीधे नाले में जा गिरा. इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.
ड्राइवर को आई नींद की झपकी
मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा नेशनल हाईवे-52 (NH-52) पर घाटोली थाना क्षेत्र के गुलखेड़ी गांव के पास घटित हुआ. लोडिंग ऑटो में कुल 22 श्रद्धालु सवार थे, जो कमलेश्वर महादेव के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान अचानक चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे उसका स्टीयरिंग से नियंत्रण खो गया. रफ्तार तेज होने के कारण ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरे नाले में जा गिरा.
हाइवे पर मची चीख-पुकार
हादसा इतना भयानक था कि ऑटो के नाले में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. देर रात हाइवे से गुजर रहे राहगीरों ने जब लोगों की आवाजें सुनीं, तो उन्होंने तुरंत मदद के लिए आगे आए. राहगीरों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद नाले में फंसे घायलों को बाहर निकाला और निजी वाहनों व एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया.
इस हादसे में गोडाखेड़ा निवासी राधीबाई (60 वर्ष), देवरी मंदिर (भालता) निवासी घिसीबाई (70 वर्ष) और एक अन्य पुरुष श्रद्धालु की मौके पर ही सांसें थम गईं.
विभिन्न अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही घाटोली थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलेरा से निरोगधाम अस्पताल और झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल के लिए रेफर किया. इसके अलावा, छह घायलों का इलाज संजीवनी अस्पताल में चल रहा है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को अकलेरा सीएचसी की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे. फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: जोधपुर में 360 करोड़ से बनेगा देश का पहला वंदे भारत स्लीपर डिपो, जानें किन हाईटेक तकनीकों से होगा लैस
यह भी पढ़ें: बीकानेर में ट्रक-कार की टक्कर, मुकाम मुक्तिधाम से लौट रहे एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत