झुंझुनूं जिले की मंड्रेला पुलिस ने ऊंट तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 4 ऊंटों को मुक्त कराया है. पुलिस ने मौके से वाहन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मुक्त कराए गए ऊंटों को फिलहाल गोशाला में रखा गया है. थानाधिकारी कैलाशचंद ने बताया कि नियमित चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भगा ले गया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को चिड़ावा बाईपास पर रुकवाया.
ऊंट के मुंह और पैर बांध रखे थे
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 4 ऊंट मिले. सभी ऊंटों के मुंह और पैर बांधे गए थे. उन्हें क्रूरता पूर्वक ठूंस-ठूंसकर बैठाया गया था. पुलिस ने तत्काल सभी ऊंटों को मुक्त कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया.
बूचड़खाने लेकर जा रहे थे
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ऊंटों को रतनगढ़ से खरीदकर हरियाणा के नूंह मेवात स्थित बूचड़खाने में वध के लिए ले जा रहा था. कार्रवाई के बाद सभी ऊंटों को देखरेख और सुरक्षा के लिए गोपाल गोशाला, मंड्रेला में अस्थायी रूप से सुपुर्द किया गया है.
मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी अजीम पुत्र सदीक, निवासी दोही, थाना झिरका फिरोजपुर, जिला नूंह मेवात (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया है. उसके खिलाफ राजस्थान ऊंट अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान पंचायत चुनाव से पहले किसानों का हल्लाबोल, हाड़ौती में चुनाव बहिष्कार की चेतावनी से मची खलबली