शेयर बाजार निवेश के नाम पर 1 हजार लोगों से करोड़ों की ठगी, फरार आरोपी पर पुलिस ने घोषित किया इनाम

डीसीपी विनीत कुमार बंसल के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है. टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और तकनीकी निगरानी के साथ मुखबिर तंत्र की सहायता से उसकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Rajasthan News: इन दिनों लगातार धोखाधड़ी के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है. इसी क्रम में जोधपुर में शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर एक हजार से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी सूर्य प्रकाश व्यास की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट पश्चिम ने उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है.

इस पूरे मामले को जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट की डीसीपी वेस्ट विनीत कुमार बंसल ने गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. एडीसीपी रोशन मीणा की अनुशंसा पर यह इनाम घोषित किया गया है. आरोपी सूर्य प्रकाश व्यास जोधपुर के कुड़ी क्षेत्र स्थित जनता कॉलोनी का निवासी है और उसके खिलाफ अब तक 14 से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं. लगातार आपराधिक गतिविधियों और न्यायालय में पेश नहीं होने के कारण उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोली जा चुकी है.

अदालत दे चुकी है कई बार समन 

वर्तमान में वह कुड़ी भगतासनी पुलिस थाने में दर्ज तीन प्रकरणों में वांछित है. आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 406 (आपराधिक न्यास भंग) और 120बी (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत मामले दर्ज हैं. विभिन्न अदालतों से उसके खिलाफ वारंट और समन जारी हो चुके हैं, बावजूद इसके वह अब तक गिरफ्तारी से बचता रहा है.

''लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है''

डीसीपी विनीत कुमार बंसल के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है. टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और तकनीकी निगरानी के साथ मुखबिर तंत्र की सहायता से उसकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है. एसीपी छवि शर्मा भी मामले की लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं. कुड़ी थाना प्रभारी तेजकरण ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उम्मीद है कि उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा.

Advertisement

सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं पीड़ित 

इस मामले में पीड़ित जयसिंह चारण ने बताया कि वे स्वयं सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लगा दी, लेकिन धोखाधड़ी का शिकार हो गए. उनके अनुसार करीब एक हजार लोग आरोपी के झांसे में आकर करोड़ों रुपये गंवा चुके हैं. उन्होंने पुलिस प्रशासन से न्याय की उम्मीद जताई है.

इसी मामले में पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए आमजन से अपील की है कि आरोपी सूर्य प्रकाश व्यास के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें. सूचना देने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा तथा उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

Advertisement