Rajasthan: टैक्सी में छूट गया था 4 लाख का कीमती सामान, वापस मिला तो खुशी से खिला दादी पोता का चेहरा

Rajasthan News: जोधपुर रेलवे पुलिस ने ईमानदारी और तत्परता की एक मिसाल पेश की है. पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर एक बुजुर्ग महिला का टैक्सी में छूटा कीमती सूटकेस ढूंढ निकाला .

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
jodhpur News
NDTV

Jodhpur News: राजस्थान के जोधपुर रेलवे पुलिस (GRP) ने ईमानदारी और तत्परता की एक मिसाल पेश की है. पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर एक बुजुर्ग महिला का टैक्सी में छूटा कीमती सूटकेस ढूंढ निकाला और उसे सुरक्षित परिवार को सौंप दिया. इस सूटकेस में सोने के जेवर और नकदी समेत करीब 4 लाख रुपये का सामान मौजूद था.

 सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

मामला 14 फरवरी का है, जब तुसाल साक्य नाम के युवक ने जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी.रिपोर्ट में  उन्होंने बताया था कि उनकी दादी रेलवे स्टेशन से घर जाते समय अपनी टैक्सी में सूटकेस भूल गई थीं. सूटकेस में 2 तोला सोना, 40 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान था.रिपोर्ट मिलते ही पुलिस एक्शन मोड में आई. थानाधिकारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई जिसने रेलवे स्टेशन और आसपास के रास्तों पर लगे कई सीसीटीवी कैमरों को खंगाला. फुटेज की मदद से उस टैक्सी की पहचान की गई जिसमें परिवार ने सफर किया था.

चंद घंटों में हुई बरामदगी

पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए टैक्सी नंबर के आधार पर ड्राइवर का पता लगाया और उससे संपर्क किया. उसके पास सूटकेस सुरक्षित पाया गया, जिसे पुलिस ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया. कानूनी प्रक्रिया पूरा करने के बाद, जीआरपी ने सारा सामान तुसाल साक्य को सौंप दिया.

परिवार ने जताया आभार

अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस पाकर बुजुर्ग महिला और उनके पोते के चेहरे खिल उठे. पीड़ित परिवार ने जोधपुर जीआरपी की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि पुलिस की मुस्तैदी के कारण ही इतने कम समय में उनका सामान मिल पाया, वरना उन्होंने तो उम्मीद ही छोड़ दी थी.
 

Advertisement
Topics mentioned in this article