JNVU में बवाल; कांग्रेस पर बरसे गजेंद्र सिंह शेखावत, राहुल गांधी और गहलोत से मांगा जवाब

केंद्रीय मंत्री ने विश्वविद्यालय में आयोजित प्रदर्शनी को बाधित करने के मामले को शर्मनाक बताया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अशोक गहलोत ऐसी घटनाओं पर स्पष्ट रुख करें, ताकि पता चले कि उनकी सहमति है या नहीं.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने एनएसयूआई की जोधपुर इकाई की निंदा की. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में आयोजित प्रदर्शनी को बाधित करने के मामले को शर्मनाक बताया. दरअसल, यूनिवर्सिटी में "भारत की विश्व विरासत : राजस्थान" विषय पर प्रदर्शनी आयोजित की गई थी. यहां एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा तोड़फोड़ की बात सामने आ रही है. इस मामले में बोलते हुए शेखावत ने कहा कि राहुल गांधी और अशोक गहलोत इस प्रकार की घटनाओं पर स्पष्ट रुख अपनाएं, ताकि पता चले कि उनकी सहमति है या नहीं.

यह गौरवशाली विरासत का अपमान- केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "यह कृत्य केवल एक कार्यक्रम को बाधित करने का प्रयास नहीं है. बल्कि हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, बलिदान की परंपरा और उन पूज्य माताओं के जौहर की स्मृतियों का अपमान है. उनकी गाथाएं आज भी हम सबके भीतर स्वाभिमान और गर्व का संचार करती हैं, जिसको इस प्रदर्शनी में दिखाया जा रहा है."

Advertisement

कांग्रेस पर भी बोला जुबानी हमला

उन्होंने कहा कि ऐसा करके कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर अपने इस विचार पर मोहर लगाई है. इनके लिए संस्कृति का अर्थ और आदर्श इसकी महान विरासत में नहीं है, बल्कि एक परिवार की भक्ति में ही है.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति की देश-दुनिया में बढ़ती प्रतिष्ठा और बदलती जनभावना को देखकर देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस के कार्यकर्ता इस प्रकार की अपसंस्कृति का सहारा ले रहे हैं. 

लोकतांत्रिक परंपरा के विपरीत कृत्य- शेखावत

उन्होंने कहा कि यह व्यवहार लोकतांत्रिक संवाद की मर्यादा के भी विपरीत और दुर्भाग्यपूर्ण है. शेखावत ने कहा कि हाथ में संविधान की प्रति लेकर संविधान की रक्षा की दुहाई देने वाली राजनीतिक शक्तियां अपनी विचारधारा के मतभेद को व्यक्त करने के बजाय अराजकता का असंवैधानिक रास्ता चुन रही हैं.