"चाय पर बुलाने की बजाय कहीं और भेजने की कोशिश की", गहलोत की 'Tea Party' वाली बात शेखावत को क्यों नहीं आई रास?

पूर्व सीएम अशोक गहलोत का साथ चाय पीने वाले बयान चर्चा में है. उन्होंने केंद्रीय मंत्री को चाय पर बात करने की नसीहत दी थी. इस पर गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी जवाब दिया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
गहलोत के बयान पर शेखावत का पलटवार.

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत के साथ चाय पीने वाले बयान पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि चाय पर बुलाने के बजाय मुझे कहीं और भेजने की कोशिश की, उसकी खीझ आज भी बाकी है. जोधपुर दौरे पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने गहलोत पर सीधे जुबानी वार किया. दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बिना नाम लिए शेखावत पर तंज कसा था कि एक-दो चाय हमारे साथ पी लेते तो हम बताते काम कैसे करवाते हैं, लेकिन यह तो हैं तीस मार खां. इस बयान पर शेखावत ने भी जवाब दिया है. 

जानिए गहलोत ने क्या कहा था

गहलोत ने कहा था, "इनको मैं कहना चाहूंगा, अगर एक-दो चाय हमारे साथ भी पी लेते तो हम उनको बताते कि आखिर काम होते कैसे हैं. मैं भी यहां से एमपी रहा हूं. हम भी अपने अनुभव साझा करते तो जोधपुर का भला होता. काम किस तरीके से करवाए जाते हैं, यह यदि चर्चा होती तो जोधपुर का और अधिक विकास होता, लेकिन ये सब तो तीस मार खां हैं, हमारी सुने कौन. ये तो यहीं हैं, बड़ी-बड़ी और मीठी-मीठी बातें करते हैं."

Advertisement

शेखावत बोले- गहलोत सफल नहीं हुए

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ने जोधपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत की. शेखावत ने कहा कि जब चाय पर बुलाने की जरूरत थी, तब वे राजस्थान के मुख्यमंत्री थे. उस समय राजस्थान को जल जीवन मिशन में सबसे ज्यादा संसाधन मिले थे. तब चाय पर बुलाकर चर्चा करने का विषय भी था और आवश्यकता भी थी. उन्होंने कहा कि तय कार्यक्रमों के बावजूद वे लगातार बचते रहे. चाय पर बुलाने के बजाय मुझे कहीं और भेजने की कोशिश करते रहे, लेकिन उसमें सफल नहीं हुए. उसकी खीझ आज भी बाकी है."

"एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का काम हमने करवाया"

उन्होंने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन और संबंधित कार्यों की भी जानकारी दी. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि परियोजना के लिए जमीन उपलब्ध कराने और एलिवेटेट रोड जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का योगदान रहा है. कुछ लोग श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता सब जानती है. एयरपोर्ट की जमीन का एक्सेस हमने करवाया था और एलिवेटेट रोड का कार्य भी हमारे प्रयासों से आगे बढ़ा. कोई खुश हो रहा हो तो होने दीजिए.

यह भी पढ़ेंः कुचामन में मदन राठौड़ का घेराव, BJP ने दी हिसाब करने की चेतावनी, हनुमान बेनीवाल बोले- 'लाठी-गोली से नहीं डरते'