राजस्थान में 2024 में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के मामले में जांच की प्रगति से नाराज राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने अब आर-पार की ठान ली है. संगठन ने हत्याकांड के 2 साल से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी अभी तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर जयपुर में महापड़ाव करने की चेतावनी दी है. राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने कहा है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो 29 मार्च को जयपुर में महापड़ाव किया जाएगा और सीएम हाउस का घेराव भी किया जाएगा. साथ ही, सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की पत्नी शीला गोगामेड़ी ने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है.
राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना की कार्यकारी अध्यक्ष और सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की पत्नी शीला गोगामेड़ी ने डूंगरपुर जिले की यात्रा के दौरान आसपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया. इस मौके पर संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह कटार, संभाग अध्यक्ष बांसवाड़ा रणजीत सिंह फतेहपुरा और डूंगरपुर जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह मौजूद थे.
NIA की जांच पर असंतोष
शीला गोगामेड़ी ने सुखदेव गोगामेड़ी हत्याकांड की एनआईए की जांच पर असंतोष जताते हुए इसे 'फर्जी' करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी ने अब तक केवल दिखावे के लिए कुछ लोगों को पकड़ा है. गोगामेड़ी की पत्नी ने मामले की जांच एनआईए से लेकर एजीटीएफ को सौंपने की मांग की है.
उन्होंने कहा,"आज भी बदमाश गोगामेड़ी का नाम लेकर व्यापारियों और आम लोगों से करोड़ों की रंगदारी मांग रहे हैं, जिसे प्रशासन रोकने में नाकाम रहा है."
सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की 5 दिसंबर 2024 को जयपुर में हत्या कर दी गई थी
Photo Credit: Facebook
महापड़ाव की चेतावनी
शीला गोगामेड़ी ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कुछ अपराधियों को तो पकड लिया गया लेकिन मुख्य आरोपी आज भी फरार चल रहे हैं जो कि पकड़ से बाहर हैं.
शीला गोगामेड़ी ने कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो 29 मार्च को जयपुर में महापड़ाव डाला जाएगा और मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला, तो वे वहीं आत्मदाह कर लेंगी.