अब बिना रुके पहुंचेंगे बाबा खाटू श्याम के द्वार, रींगस-सीकर रेलवे ट्रैक पर खत्म होगा वेटिंग का दौर

शेखावाटी के धार्मिक पर्यटन को पंख लगने वाले हैं. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रींगस-सीकर रेलखंड के दोहरीकरण के लिए 470 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि को मंजूरी दे दी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
रेलवे की बड़ी सौगात: रींगस-सीकर के बीच बिछेगी दूसरी पटरी, सफर होगा और भी तेज
ANI

Sikar News: खाटूश्यामजी जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं और शेखावाटी के लोगों के लिए भारतीय रेलवे से एक बड़ी खुशखबरी आई है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए एक विशेष पहल की है. अब रींगस-सीकर के बीच की 50 किलोमीटर लंबी रेल पटरी को 'डबल' (दोहरीकरण) किया जाएगा. इसके लिए 470.34 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया गया है. इस फैसले के बाद अब ट्रेनों को क्रॉसिंग के लिए स्टेशनों पर घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

रींगस बनेगा बड़ा जंक्शन, सफर होगा सुपरफास्ट

इस प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा फायदा खाटूश्यामजी आने वाले भक्तों को मिलेगा. रेल मंत्री की इस पहल से न केवल ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि उनकी रफ्तार में भी इजाफा होगा. इस फैसले से जयपुर और दिल्ली के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी स्थापित होगी.

शिक्षा, सेना और श्रद्धा का 'त्रिवेणी संगम'

शेखावाटी क्षेत्र अपनी हवेलियों, शिक्षा केंद्रों और भारतीय सेना में योगदान के लिए जाना जाता है. इस रेल लाइन के डबल होने से इन क्षेत्रों को सीधा लाभ होगा. पिलानी और लक्ष्मणगढ़ जैसे शिक्षा केंद्रों में आने-जाने वाले छात्रों का सफर सुगम होगा. शेखावाटी के हजारों फौजी भाइयों को अपने घर आने-जाने के लिए तेज रेल सुविधा मिलेगी. वहीं, नवलगढ़, फतेहपुर, मंडावा और झुंझुनूं की ऐतिहासिक हवेलियों तक पहुंचना आसान होगा.

खाटूश्यामजी नई रेल लाइन का काम भी तेज

दोहरीकरण के साथ-साथ रींगस से खाटूश्यामजी के बीच बिछाई जा रही 18 किलोमीटर की नई रेल लाइन के काम में भी अब तेजी आएगी. इस नई लाइन पर 254 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. साथ ही, सीकर और रींगस रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प (पुनर्विकास) का काम भी तेजी से चल रहा है. इन विकास कार्यों से शेखावाटी में न केवल धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

Advertisement

ये भी पढ़ें:- खेजड़ी कटाई पर रोक को लेकर सरकार ने पूरे राजस्थान में जारी किया आदेश, विधानसभा में लाया जाएगा बिल

LIVE TV देखें