राजस्थान: भारत गैस एजेंसी के गोदाम में डिलीवरी ब्वॉय ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, नजारा देख कांप उठे लोग

इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. लोगों की भारी भीड़ गोदाम के बाहर जमा हो गई. गनीमत रही कि गोदाम में ज्यादातर सिलेंडर खाली थे और दमकल ने समय पर आग बुझा दी, जिससे एक बड़ा ब्लास्ट टल गया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Rajasthan News: राजस्थान के सीकर जिले के श्रीमाधोपुर इलाके से मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. मूंड़रु गांव में स्थित एक गैस गोदाम के अंदर एक युवक ने अचानक खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली. इस खौफनाक आत्मदाह की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. इस दर्दनाक आगजनी में युवक की मौके पर ही झुलसने से मौत हो गई. हालांकि, इस भीषण कदम के बाद भी एक बहुत विनाशकारी हादसा होने से बाल-बाल टल गया, जिससे पूरे प्रशासन ने राहत की सांस ली.

गैस गोदाम के ही डिलीवरी बॉय ने उठाया आत्मघाती कदम

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 'कूलवाल भारत गैस एजेंसी' के गोदाम में हुई. आत्महत्या करने वाले युवक की पहचान बाबूलाल यादव के रूप में हुई है, जो इसी गैस गोदाम में डिलीवरी मैन के तौर पर काम करता था. चश्मदीदों ने बताया कि उन्होंने किसी के चिखने की आवाज सुनी थी. जब लोगों ने वहां जाकर देकर तो बाबूलाल आग की लपटों में झुलस रहा था. हमने उसने बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि बाबूलाल को बचाया नहीं जा सका और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

Advertisement

दमकल ने पाया काबू, टला सिलेंडरों का विस्फोट

घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और दमकल (अग्निशमन) की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं. इस पूरी घटना में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि जिस वक्त आग लगी, उस समय गोदाम में बड़ी संख्या में खाली गैस सिलेंडर रखे हुए थे. यदि आग की लपटें गैस से भरे सिलेंडरों तक पहुंच जातीं, तो वहां एक के बाद एक कई बड़े विस्फोट हो सकते थे, जिससे भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था. समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लेने से यह बड़ा हादसा होने से टल गया.

अब परिजनों और कर्मचारियों से होगी पूछताछ

श्रीमाधोपुर पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर मृतक बाबूलाल के शव को मोर्चरी भिजवा दिया है. थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है. युवक ने गैस गोदाम के अंदर ही इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके पीछे की असली वजह अभी सामने नहीं आ पाई है. पुलिस अब गैस एजेंसी के मालिकों, वहां काम करने वाले अन्य कर्मचारियों और मृतक के परिजनों से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है, ताकि आत्महत्या के सही कारणों का खुलासा हो सके.

ये भी पढ़ें:- 'मर गई तो कोई धारा नहीं बनती...', गैंगरेप पीड़िता को 'झूठा' बताने वाले थाना अधिकारी का ऑडियो वायरल