राजस्थान के कोटा में बन रहे बीजेपी कार्यालय को लेकर विवाद सामने आया है. जिस जमीन पर भाजपा दफ्तर बन रहा है. उसे रेलवे ने अवैध निर्माण बताते हुए कोटा विकास प्राधिकरण को चिट्ठी लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है. वहीं, जब रेलवे द्वारा इसे अवैध निर्माण बताने को लेकर राज्य सरकार में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि यह देश का पहला मामला है, जिसमें रेलवे यह दावा कर रहा है कि उसने यह जमीन कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) को दी थी.
सड़क निर्माण के लिए दी जमीन- रेलवे
दरअसल, यह विवाद कोटा शहर में 80 फीट रोड पर बन रहे भाजपा कार्यालय को लेकर है. जानकारी के मुताबिक, जिस जमीन पर भाजपा कार्यालय का निर्माण हो रहा था, उस जमीन को रेलवे ने यूआईटी (अब KDA) को लीज पर दी थी. उस समय शर्त रखी गई थी कि जमीन पर किसी भी तरह व्यावसायिक गतिविधि या निर्माण नहीं होगा. जमीन सिर्फ सड़क के लिए दी गई थी. अब जब उस जमीन पर भाजपा कार्यालय बन रहा है तो रेलवे ने इसे अवैध निर्माण बता दिया है. रेलवे का कहना है कि जमीन पर भाजपा कार्यालय का निर्माण लीज की शर्तों के खिलाफ है.
रिकॉर्ड में KDA मालिक- मंत्री खर्रा
वहीं, शनिवार को नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन (UDG) मंत्री झाबर सिंह खर्रा जब कोटा पहुंचे तो उनसे भाजपा कार्यालय की जमीन को लेकर सवाल हुआ. यूडीएच मंत्री ने कहा कि रिकॉर्ड के अनुसार, 80 फीट रोड स्थित भाजपा शहर और देहात कार्यालय के लिए चिन्हित जमीन कोटा विकास प्राधिकरण यानी केडीए के स्वामित्व की है.
झाबर सिंह खर्रा
मंत्री खर्रा ने आगे कहा कि रेलवे, राजस्व विभाग और केडीए की संयुक्त बैठक हो चुकी है. पुराने रिकॉर्ड के आधार पर जमीन का सीमाज्ञान कराया गया है. मंत्री खर्रा ने दावा किया कि उपलब्ध रिकॉर्ड के मुताबिक भाजपा कार्यालय के लिए चिन्हित भूमि केडीए के स्वामित्व की है. अब इस जमीन को लेकर रेलवे और केडीए के दावों के बीच मामला रिकॉर्ड और सीमाज्ञान की रिपोर्ट पर टिका हुआ है. आने वाले दिनों में इस विवाद को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई तय होगी.
मदन राठौड़ ने किया था कार्यालय का शिलान्यास
इससे पहले 09 जुलाई को पंचायती और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर 80 फीट रोड अहलूवालिया मॉल के पास बन रहे भाजपा कार्यालय भवन का अवलोकन करने पहुंचे. जबकि गत दिनों प्रदेश अध्यक्ष भाजपा मदन राठौड़ ने कोटा जिले के भाजपा कार्यालय का शिलान्यास किया था.
यह भी पढे़ं-
चंबल नदी में दिखेगा 'आईलैंड' जैसा नजारा, ₹80 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट से बदल जाएगी तस्वीर