कोटा में ऑपरेशन से डिलीवरी के बाद 2 और महिलाओं की हालत बिगड़ी, प्राइवेट अस्पताल में कराया भर्ती

शनिवार को किरण और शिरीन की हालत बिगड़ने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अब तक 8 महिलाएं प्रभावित हुई हैं और 2 की मौत हो चुकी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
कोटा अस्पताल में भर्ती 2 और महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई है.
NDTV Reporter

Rajasthan News: कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (OT) में सर्जरी के बाद प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने का मामला गहराता जा रहा है. अस्पताल में भर्ती दो और महिलाओं की स्थिति नाजुक होने के बाद शनिवार को उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया है.

क्या है पूरा मामला?

6 मई को कोटा के शिवपुरा निवासी शिरीन और कोटा ग्रामीण के कसार निवासी किरण को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया था. परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद दोनों की स्थिति लगातार खराब होती गई. सरकारी अस्पताल में स्थिति नियंत्रण में न देखते हुए, परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए जहां उनका इलाज जारी है. वहीं, शिरीन के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल प्रशासन ने उन्हें निजी अस्पताल ले जाने के लिए कहा, क्योंकि वहां इलाज की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी.

Advertisement

पहले 2 महिलाओं की हुई मौत

इस मामले में अब तक सामने आए सभी 8 मामलों में एक समानता देखी गई है. सभी महिलाओं के किडनी में गंभीर इन्फेक्शन की बात सामने आई है. गौरतलब है कि 4 मई को सबसे पहले 6 महिलाओं की तबीयत बिगड़ी थी, जिनमें से इलाज के दौरान 2 की मौत हो गई थी. शेष 4 का इलाज अभी भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है.

सरकार ने लिया एक्शन

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर और एडीएम सिटी ने अस्पताल का दौरा कर पीड़ितों का हाल जाना है. राज्य सरकार ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 2 डॉक्टरों और 2 नर्सिंग कर्मियों को दोषी मानते हुए उनके खिलाफ एक्शन लिया है. फिलहाल, सरकार द्वारा गठित विशेष जांच कमेटी इस बात की पड़ताल कर रही है कि इन्फेक्शन का मुख्य कारण ऑपरेशन थिएटर का वातावरण था या इस्तेमाल की गई दवाएं.

ये भी पढ़ें:- कोटा में ऑपरेशन से डिलीवरी के बाद दो मांओं ने तोड़ा दम, 4 की किडनी फेल, 2 डॉक्टरों पर गिरी गाज