राजस्थान के कोटा में तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी टक्कर, वाहन समेत नाले में जा गिरे स्कूली बच्चे; ड्राइवर की हालत गंभीर

तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूली बच्चों से भरा ऑटो नाले में गिरा. ड्राइवर की हालत गंभीर, पुलिस ने राहगीरों की मदद से बच्चों को निकाला बाहर.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
कोटा के उद्योग नगर इलाके में भीषण सड़क हादसा.
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. उद्योग नगर थाना इलाके के DCM रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो असंतुलित होकर पास के ही गहरे नाले में जा गिरा. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. राहगिरों की मदद से सभी बच्चों और ऑटो ड्राइवर को एक-एक कर बाहर निकाला और फिर नजदीकी अस्पताल तक पहुंचाया.

'2 बच्चे और ड्राइवर की हालत गंभीर है'

सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. एएसआई आरिफ हुसैन ने NDTV राजस्थान को जानकारी देते हुए बताया, 'हादसे में ऑटो में सवार 5 स्कूली बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें से दो को गंभीर चोटें आई हैं. वहीं, ऑटो चालक साजिद बुरी तरह जख्मी हो गया है. उसके सिर पर गहरी चोट लगी है, जिसके चलते उसे एमबीएस अस्पताल (MBS Hospital) ले जाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.'

Advertisement

मदद करने के बजाय फरार हो गया कार ड्राइवर

चश्मदीदों के अनुसार, ऑटो चालक साजिद बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उसे टक्कर मार दी. ड्राइवर ऑटो को संभाल पाता, उससे पहले ही वह बच्चों समेत नाले में समा गया. हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके पर रुकने के बजाय तेजी से कार भगा ले गया. पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके. उद्योग नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें:- SI Exam 2026: उदयपुर में कल से परीक्षा, सेंटर जाने से पहले जान लें RPSC के ये कड़े नियम