करौली में गैस सिलेंडर की किल्लत की चर्चाओं के बीच शुक्रवार को गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लग गईं. हालात इस कदर बिगड़ गए उपभोक्ताओं ने गैस मालिक की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए. लगातार मची इस अफरा-तफरी के बीच प्रशासन ने इसे अफवाह बताया है. गैस एजेंसी संचालकों का भी कहना है कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और अफवाहों के कारण अचानक मांग बढ़ने से ऐसी स्थिति बन रही है.
सोशल मीडिया पर फैली अफवाह
शहर की एक गैस एजेंसी के संचालक टीकाराम मीणा ने बताया कि शुक्रवार को एजेंसी पर गैस से भरी गाड़ी पहुंची, जिसमें करीब 507 सिलेंडर उपलब्ध थे. दिनभर उपभोक्ताओं को सिलेंडर वितरित किए गए और शाम तक कतार भी कम होती गई. उनका कहना है कि सप्लाई में किसी प्रकार की कमी नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया और बाजार में फैल रही चर्चाओं के कारण लोग जरूरत से पहले ही सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं.
कारोबारियों के सामने भी परेशानी
हालांकि, कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर आशंका भी बरकरार है. चूंकि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति औसत उपभोग के आधार पर 20 प्रतिशत तक की जाएगी. ऐसे में कारोबारियों का कहना है कि अगर यह व्यवस्था जारी रहती है तो होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और मिठाई कारोबार पर असर पड़ सकता है.
प्रशासन ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं
वहीं, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की आपूर्ति पर्याप्त है और आमजन को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरत के अनुसार ही सिलेंडर लें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सके और एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके.
यह भी पढ़ेंः बालोतरा औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा हादसा, स्लज टैंक की सफाई करते समय जहरीली गैस से 3 मजदूरों की मौत