LPG सिलेंडर के दाम बढ़े तो कलेक्ट्रेट के गेट पर जला चूल्हा, सड़क पर रोटियां सेंककर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

राजस्थान में LPG की किल्लत और बढ़ती महंगाई के खिलाफ सीकर में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है. कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक चूल्हा जलाकर रोटियां बनाईं और विरोध जताया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
सीकर: गैस सिलेंडर की किल्लत पर कांग्रेस का अनूठा प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट के बाहर चूल्हे पर बनाई रोटी
NDTV Reporter

Sikar News: देश और प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की किल्लत के खिलाफ सीकर में कांग्रेस ने आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है. गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने न केवल सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, बल्कि बीच सड़क पर पारंपरिक चूल्हा जलाकर रोटियां बनाईं और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया.

कलेक्ट्रेट के गेट पर जला चूल्हा, सेकी गईं रोटियां

सीकर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुनीता गठाला और निवर्तमान सभापति जीवण खां के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता खाली सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे. प्रदर्शन का अनोखा नजारा तब दिखा जब कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने खुद सड़क पर बैठकर चूल्हा जलाया, उसमें लकड़ियां डालीं और रोटियां बेलकर सांकेतिक रूप से सरकार को बढ़ती महंगाई और गैस किल्लत पर घेरा.

कई होस्टल में बच्चों को नहीं मिल पा रहा खाना

प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने केंद्र सरकार पर 'आपदा में अवसर' तलाशने का गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि गैस की किल्लत के बीच सरकार कीमतों में और बढ़ोतरी करना चाहती है. गठाला ने कहा, 'कमर्शियल सिलेंडर पर पाबंदी से होटल-ढाबे बंद होने की स्थिति में हैं. आज हॉस्टल में रहने वाले छात्र-छात्राओं को खाना नहीं मिल पा रहा. देश में आपातकाल जैसी स्थिति है.'

शादी-ब्याह के सीजन में ब्लैकमेलिंग का आरोप

निवर्तमान सभापति जीवण खां ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल कांग्रेस का नहीं बल्कि प्रदेश की 140 करोड़ जनता का है. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सरकार अब ब्लैकमेलिंग बंद करने की बात कर रही है, तो क्या इतने दिनों से देश में ब्लैकमेलिंग हो रही थी? उन्होंने कहा कि इजरायल-ईरान युद्ध के बीच पेट्रोल-डीजल के साथ गैस की किल्लत जानबूझकर पैदा की जा रही है. शादी-विवाह के इस सीजन में परिवारों को कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान है.

Advertisement

सरकार का फूंका पुतला, दी चेतावनी

विरोध प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला फूंका. इस दौरान फतेहपुर विधायक हाकम अली, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सैनी, युवा नेता नरेश सैनी सहित कई पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे. कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस की आपूर्ति सुचारू नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा.

ये भी पढ़ें:- राजस्थान में अगले महीने 30000 शादियां, एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी के कारण 25000 रुपये तक बढ़ सकता है खर्च

Advertisement