नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने एलपीजी संकट को लेकर सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि कल (11 फरवरी) को मुख्यमंत्री ने मीटिंग ली थी और उसके बाद कहा था कि हालात ठीक है. लेकिन हालात कहां ठीक है? उन्होंने कहा कि लोग कतारों में खड़े हैं, ये सब क्या है. सरकार एक श्वेत पत्र जारी कर रसोई गैस की उपलब्धता और अन्य जानकारी दे. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री सब अच्छी बात का श्रेय खुद ले रहे थे तो अब संकट में भी मदद करनी चाहिए. अभी तक प्रधानमंत्री ने भी इस पर कुछ नहीं बोला. जनता ने सरकार चलाने की जिम्मेदारी दी है तो जनता को राहत देनी चाहिए.
टीकाराम जूली ने पूछे ये सवाल
जूली ने कहा कि ये कहते हैं डबल इंजन की सरकार है, तो दिखे तो सही कि डबल इंजन कहां है? इस संकट की घड़ी में जनता के लिए कुछ कीजिए ना. क्या सरकार मजे करने के लिए है क्या? उन्होंने कहा कि गैस नहीं मिली तो किसान बर्बाद हो जाएगा. रोजाना का खाना, दवाई-फर्टिलाइजर नहीं मिला तो क्या होगा?
गैस के दाम बढ़े, जनता परेशान- नेता प्रतिपक्ष
उन्होंने बीजेपी सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा, "इस बारे में प्लानिंग की जानी चाहिए थी. गैस के दाम बढ़ा दिए हैं और मंत्री कह रहे हैं कि अंतरराष्ट्रीय मार्केट की वजह से कीमतें बढ़ रही हैं. राजस्थान में डबल इंजन का फायदा मिलना चाहिए. लकड़ी और इंडक्शन के दाम बढ़ गए हैं. रसोई गैस को लेकर जनता परेशान हो रही हैं, लेकिन किसी की कोई जवाबदेही नहीं है."
यह भी पढ़ेंः मुसीबत में राजस्थान का टूरिज्म सेक्टर... जैसेलमेर में 150 रिसॉर्ट होने जा रहे बंद! LPG किल्लत बढ़ा रहा है संकट